तरनतारन, फाजिल्का, अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर, मोगा में हालात चिंताजनक, खेतों के साथ-साथ रिहायशी एरिया में भी पानी की मार

Punjab Flood News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में बाढ़ की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। पहाड़ों में बारिश के चलते राज्य के सभी डैम में पानी का स्तर ज्यादा होने के कारण फ्लड गेट खोले गए थे। जिसके बाद पानी ने मैदानी क्षेत्रों की तरफ रुख किया इसी के चलते पंजाब के तरनतारन, फाजिल्का, अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर, मोगा में बाढ़ का पानी हजारों एकड़ फसलों को तबाह कर चुका है। वहीं दर्जनों जगह खेतों के साथ-साथ रिहायशी एरिया में भी पानी की मार पड़ती दिख रही है। दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में हैं और लोगों को अपनी संपत्ति से हाथ धोने पड़ रहे हैं।

इस तरह रहा डैम का जलस्तर

शनिवार के आंकड़ों के अनुसार पोंग डैम का जलस्तर 1382.75 फुट दर्ज किया गया। यहां पानी की आवक 38,395 क्यूसेक रही, जबकि निकासी इससे कहीं अधिक 74,427 क्यूसेक दर्ज की गई। भाखड़ा डैम में जलस्तर 1666.96 फुट मापा गया। इसमें पानी की आवक 54,870 क्यूसेक रही, जबकि निकासी 43,342 क्यूसेक की गई। हरीके हेडवर्क्स पर तालाब का जल स्तर 688 फुट दर्ज हुआ।

यहां ऊपर से 1,46,120 क्यूसेक पानी पहुंचा। इसमें से फिरोजपुर फीडर को 8,037 क्यूसेक, राजस्थान फीडर को 13,795 क्यूसेक और मखू नहर को 187 क्यूसेक पानी दिया गया। नीचे की ओर 1,24,101 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिससे तरनतारन से लेकर फाजिल्का तक हालात बिगड़े हुए हैं। वहीं अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर, मोगा क्षेत्रों में भी बाढ़ से स्थिति नाजुक बनी हुई है।

बाढ़ग्रस्त एरिया की होगी विशेष गिरदावरी

पंजाब सरकार ने यह घोषणा की है कि प्रदेश के सभी बाढ़ग्रस्त एरिया की विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी। इतना ही नहीं लोगों को हुए उनके नुकसान का पूरा मुआवजा भी दिया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य में बाढ़ के कारण लोगों को हुए हर तरह के नुकसान के लिए उचित मुआवजा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा। कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों के तूफानी दौरे के दौरान, लोगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार इस गंभीर संकट की घड़ी में लोगों को राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस नेक काम के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लोगों के जान-माल की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : नशा तस्करों से 2.9 किलो हेरोइन बरामद