• लगातार बढ़ रहा गंगा और सहायक नदियों में जलस्तर

Flood Situation Worsens In Bihar, (आज समाज), पटना: उत्तर भारत के खासकर पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बाढ़ व भूस्खलन की भयावह घटनाओं के बाद मानसून ने अब बिहार में कहर बरपाया है। राज्य के सात जिले बाढ़ की चपेट में हैं और गंगा समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं,  जिससे कई जिलों में बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है।

अलर्ट पर राज्य प्रशासन

राज्य प्रशासन अलर्ट पर है। पटना जिला प्रशासन ने राहत कार्य के लिए छह सामुदायिक रसोई स्थापित की हैं और 104 नावें तैनात की हैं।  राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें बचाव कार्यों के लिए मौके पर मौजूद हैं। कई प्रभावित निवासी सुरक्षा के लिए राहत शिविरों में चले गए हैं।

डूबने से 11 लोगों की मौत

राजधानी पटना जिले के सात प्रखंडों पटना सदर, बाढ़, अथमलगोला, मोकामा, दानापुर, दनियावां और मनेर की 24 पंचायतें सोमवार तक बाढ़ के पानी से घिरी हुई हैं, इसके कारण लगभग एक लाख लोग प्रभावित हैं। पूरे राज्य में 10 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी में डूबने से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने बेगूसराय में बाढ़ प्रभावित आठ प्रखंडों के 137 स्कूलों व सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को 14 अगस्त तक बंद रखने का आदेश दिया है।

19 जिलों में आज भारी बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज बिहार के 19 जिलों में बारिश की भविष्यवाणी की है। अधिकारियों  साथ ही बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवा चलने की चेतावनी भी दी है। अगले दो दिन में पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है,

भागलपुर में बाढ़ का सबसे अत्यधिक स्तर, कटाव बढ़ा

भागलपुर के पांच निगरानी केंद्रों ने गंभीर या अत्यधिक बाढ़ की श्रेणी में रीडिंग दिखाई है। जिले के एकचारी स्टेशन के आंकड़ों के मुताबिक, 8 अगस्त को दोपहर में जल स्तर 33.09 मीटर था, जबकि खतरे का स्तर 32.23 मीटर और उच्च बाढ़ स्तर 33.36 मीटर था। 12 अगस्त को दोपहर तक, यह बढ़कर 33.45 मीटर हो गया, जो खतरनाक रूप से उच्च बाढ़ सीमा के करीब पहंच गया। गंगा की तेज धाराओं के कारण हुए तेज कटाव ने भागलपुर में कुछ ही सेकंड में एक पक्का घर बहा दिया। रंगरा प्रखंड के तीनटंगा दक्षिण पंचायत में एक जल मीनार भी बह गई। समस्तीपुर के चकला गाँव में एक स्कूल जलमग्न हो गया है।

ये भी पढ़ें : Monsoon Update : पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बरस रहा पानी ही पानी