विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया पहुंचे जलभराव का जायजा लेने, अधिकारियों को दिए उचित समाधान के निर्देश
Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: हरियाणा में हो रही लगातार बारिश से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालत बन गए है। भारी जलभराव के कारण फसलें डूब गई है, जिस कारण किसानों के सामने सकंट पैदा हो गया है। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के 6 गांवों में बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं। इस कारण किसानों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

गांव बनगांव, चिंदड़, खाराखेड़ी, बड़ोपल, सरवरपुर, ठुइयां में सबसे अधिक बुरा हाल है। इन गांवों में पहले से ही किसान सेम की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में भारी बारिश के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। किसानों के सामने फसल उत्पादन न होने की समस्या भी बन गई है।

किसानों से विधायक को सुनाया दुखड़ा

जलभराव का जायजा लेने कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया भी खेतों में पहुंचे। उनके समक्ष भी किसानों ने दुखड़ा सुनाया। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने कहा कि उन्होंने खेतों में जलभराव का जायजा लिया है। किसानों को काफी परेशानी हो रही है। इसके उचित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

भिवानी में सांसद धर्मबीर सिंह के गांव में भरा पानी

अगर बात भिवानी की करें तो यहां पर हालात खराब है। सांसद धर्मबीर सिंह के गांव तालु में भी पानी जमा है, जबकि गांव दांग खुर्द में करीब 500 एकड़ फसल पानी में डूब चुकी है। यहां के ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान, कपास और बाजरे की फसलें खराब हो रही हैं। कुछ इलाकों में तो खेतों के पास की बस्तियां तक खाली करनी पड़ी हैं।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों पर फिर से सब्सिडी देने की तैयारी में सरकार