गंभीर रूप से घायल युवक को किया पीजीआई रेफर
Karnal News (आज समाज) करनाल: हरियाणा के करनाल में एक युवक ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। युवक पत्नी की दादी द्वारा दिए जाने वाले तानों से परेशान था। युवक के परिजनों ने भी पत्नी की दादी पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। युवक की पहचान गांव रांवर निवासी 26 वर्षीय रजत के रूप में हुई है।

उसकी करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह भी चल रहा था। जिसे लेकर तीन बार पंचायत भी हो चुकी थी। रजत की पत्नी गर्भवती थी। उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी और वह उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में लेकर पहुंचा। जहां पर डॉक्टरों ने उसे एडमिट कर लिया था।

गर्भवती पत्नी को सरकारी अस्पताल में लाने पर सुनाई खरी-खोटी

इस दौरान रजत की पत्नी की दादी भी अस्पताल में आ गई। रजत की मां आशा का आरोप है कि उसकी पत्नी की दादी ने रजत को ताने देना शुरू कर दिए कि, तू अपनी पत्नी को सरकारी अस्पताल में लेकर आ गया, प्राइवेट में क्यों नहीं लेकर गया और भी न जाने किस तरह की बातें उसके साथ की गई।

दादी बोली यहां से चला जा या मर जा

जिससे वह आहत हो गया और वह तीसरी मंजिल पर जा पहुंचा और कूदने के लिए कुर्सी पर खड़ा हो गया, लेकिन उसका विचार बदला और वह नीचे वापस आ गया। लेकिन दादी फिर से उस पर बरस पड़ी और बोली तो यहां से चला जा या मर जा। इतना सुनकर रजत तीसरी मंजिल पर गया और छलांग लगा दी।

अस्पताल में मचा हड़कंप

अस्पताल में ही युवक द्वारा छलांग लगा दिए जाने से हड़कंप मच गया। परिजन नीचे पहुंचे और युवक को अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर गए, लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। आशा ने बताया कि रजत हमारा इकलौता बेटा है और उसे कुछ भी हुआ तो पूरी दुनिया ही उजड़ जाएगी। फिलहाल परिजनों की तरफ से पुलिस को अभी शिकायत नहीं दी गई है।

यह भी पढ़े : हरियाणा भाजपा विधायक दल की बैठक आज