Weather Alert : दिनभर काले बादलों को देखकर सहमे रहे किसान,सुबह से लेकर शाम तक होती रही बूंदाबांदी

0
410
Farmers remained apprehensive all day long at the sight of dark clouds, as light drizzle continued from morning till evening.
  • सरसों की फसल को नुकसान,तेज हवा के साथ बारिश हुई तो गेहूं फसल को खतरा
Weather Alert (आज समाज नेटवर्क)सिरसा।जिले में वीरवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। सुबह करीब सात बजे से शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी पूरे दिन जारी रही। लगातार हो रही इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को फिर से ठंड का एहसास होने लगा। मौसम में आए इस बदलाव के चलते ज्यादातर लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकले। वहीं,दिनभर आसमान में छाए काले बादलों और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसान खासे परेशान दिखाई दिए। किसानों का कहना है कि इस समय सरसों की फसल पककर तैयार है और बूंदाबांदी से इसकी गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा यदि तेज हवा के साथ बारिश होती है, तो गेहूं की फसल के गिरने का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। मौसम विभाग ने भी आने वाले समय को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 20 मार्च तक मौसम इसी प्रकार बना रह सकता है, रात के समय तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। ऐसे में किसानों की नजरें अब मौसम पर टिकी हुई हैं।