• युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा विकसित भारत पदयात्राओं का आयोजन, सरदार पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित राष्ट्रव्यापी पहल

Faridabad News (आज समाज) फरीदाबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा माई भारत के माध्यम से विकसित भारत पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता की भावना तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करना है।

सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही

यह जानकारी युवा सशक्तिकरण विभाग एवं खेल मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को सेक्टर-16 स्थित मैगपाई टूरिज्म परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजऩ से प्रेरित है, जिसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

विशेष रूप से अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को रेखांकित किया जा रहा है। इसी कड़ी में, मंत्रालय ने 6 अक्टूबर को की शुरुआत की, जो भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा माई भारत पोर्टल पर किया गया। डिजिटल चरण के अंतर्गत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और अन्य गतिविधियां शामिल हैं। इस कार्यक्रम के तहत चुने गए 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

अभियान के दो प्रमुख चरण निर्धारित किए गए हैं

खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि पहला चरण 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा। जिसके अंतर्गत देशभर के जिलों में 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं उन्होंने कहा कि दूसरा चरण 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें 152 किलोमीटर की राष्ट्रीय पदयात्रा सरदार पटेल जी के जन्म स्थान करमसद से लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवडिय़ा तक निकाली जाएगी।

यात्रा मार्ग में 150 पड़ावों पर सरदार पटेल जी के जीवन पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक उत्सव और सरदार गाथा जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

यह भी पढे : Faridabad News : 6 मामलों का निस्तारण कर 24 साइबर अपराधी किए गिरफ्तार, 14,55,000/-₹ बरामद