इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने की की शौकीन है गिरफ्तार महिला, पति की हो चुकी मौत
Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद से एक फर्जी महिला पुलिस कर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। फर्जी महिला पुलिस कर्मी वर्दी का रौब दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठती थी। फर्जी महिला पुलिस कर्मी को सोशल मीडिया पर रील बनाने का भी शौक है। उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ रील बनाकर डाली थी। हालांकि जब पुलिस ने दबोचा तो उसने वर्दी वाली रील डिलीट कर दी। महिला की पहचान सिमरन के रूप में हुई है। महिला का साथी कार ड्राइवर सत्यवान फरार है। पुलिस ने गांव सनियाना से सिमरन को काबू किया।
महिला से वर्दी बरामद की है। पुलिस की जांच में पता चला कि महिला के पति की मौत हो चुकी है। उसका साढ़े 3 साल का बेटा भी है। विजिलेंस टीम के पास लेडी कांस्टेबल नहीं होती थी तो वह इसे ले जाते थे। यहीं से उसे ठगी का तरीका आया और उसने रुपए ऐंठने से लेकर वर्दी का रौब तक दिखाना शुरू कर दिया। जांच अधिकारी महिला एसआई शिक्षा ने बताया कि सिमरन सामान्य परिवार से ही है। परिवार के पास 2 एकड़ जमीन है। जिसमें वह खेती करते हैं। डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि महिला का एक साथी सत्यवान अभी फरार है, जिसे जल्द काबू किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस टीम ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रही है, जिन्हें सिमरन ने ठगा है, ताकि केस मजबूत किया जा सके।
महिला को धमकाया और मारपीट की
थाना सदर क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति से मनमुटाव चल रहा है। इससे वह काफी परेशान है। इसी के चलते वह अपने मायके गई हुई थी। 1 मई को उसके मायके में टोहाना क्षेत्र के गांव सनियाना निवासी सिमरन कौर आई। उसने खुद को पति की मुंहबोली बहन बताया। यह भी बताया कि वह पुलिस में है। पति का पक्ष लेते हुए उसके साथ मारपीट की और खूब धमकाया। इसके बाद उसने सदर पुलिस से मामले की शिकायत की।
पुलिस के थाने बुलाने पर नहीं आई सिमरन
इसके बाद सदर पुलिस ने महिला के पति से संपर्क किया और उसकी मुंह बोली बहन का पता पूछा। पता मिलते ही पुलिस ने सिमरन को थाने बुलाया, लेकिन वह नहीं आई। उसे फिर कॉल किया तो उसने रिसीव नहीं किया। सदर थाना पुलिस के मुताबिक, कॉल रिसीव नहीं करने पर उन्हें सिमरन पर शक हुआ। इसके बाद एक टीम उसके गांव भेजी गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वर्दी भी बरामद की है। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई।
सत्यवान ने सिमरन को विजिलेंस की टीम से मिलवाया
बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने गांव बलियाला निवासी युवक सत्यवान की गाड़ी हायर की हुई है। सत्यवान गांव सनियाना निवासी सिमरन कौर को जानता था। करीब एक साल पहले विजिलेंस टीम को नोटिस देने जाना था। उनके साथ महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। ऐसे में सत्यवान के कहने पर टीम सिमरन को अपने साथ ले गई। नोटिस थमाने के बाद टीम ने सिमरन का शुक्रिया अदा किया। इस पर सिमरन ने कहा कि यदि भविष्य में टीम को उसकी जरूरत पड़े तो वह साथ चल सकती है।
पुलिस का तौर तरीका जान गई थी सिमरन
पुलिस के मुताबिक, जब भी विजिलेंस टीम को जरूरत पड़ती तो वह सिमरन को साथ ले जाते। इससे वह पुलिस का तौर तरीका जान गई थी। इसमें उसे कुछ रकम भी हाथ आने लगी। फिर उसने सत्यवान के साथ मिलकर कई लोगों से ऐसे ही रुपए ऐंठे। कई बार लोगों को शक हुआ, लेकिन विजिलेंस टीम से जान-पहचान उसे हर बार बचा लेती। इसके लिए उसने वर्दी ही खरीद ली, ताकि कोई उसे निजी कर्मचारी न समझे।
सरपंच और पंचों को धौंस दिखा चुकी सिमरन
पुलिस को जानकारी मिली है कि सिमरन सरपंच और पंचों के सामने भी धौंस जमा चुकी है। करीब 3 महीने पहले सरपंच संतोष कुमारी के सामने भी गली के मामले को लेकर धौंस जमाई थी। इसी तरह गांव के एक पंच के भी पैसे ऐंठे हुए हैं। एक महिला पंच के साथ भी धौंस भरा व्यवहार किया था।
ये भी पढ़ें : हरियाणा के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
ये भी पढ़ें : पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार को 50 लाख रुपए और सरकारी नौकरी देंगी हरियाणा सरकार