गुस्साएं किन्नरों ने पुलिस की डायल 112 गाड़ी तोड़ी
Gurugram News (आज समाज) गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में आज पुलिस और किन्नरों के बीच झड़प हो गई। किन्नरों ने पुलिस की डायल 112 गाड़ी भी तोड़ दी। किन्नरों का आरोप है कि रात में पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और संबंध बनाने का भी दवाब बनाया। वहीं पुलिस ने किन्नरों के साथ संबंध बनाने की बात को नकारते हुए कहा कि टीम ने किन्नरों को रोड से हटाया तो इन्होंने उन पर हमला कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से डीएलएफ फेज-2 थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस कर्मियों ने गलत काम करने को कहा

किन्नर शगुन ने बताया कि सोनाली, शिवी और रिया एमजी रोड पर मेट्रो स्टेशन पर खड़े थे। रात को साढ़े 3 बजे पुलिस राइडर वहां आए और भगाने लगे। उन्होंने गलत काम करने को भी कहा। किन्नरों ने पुलिसकर्मियों का विरोध किया। कुछ देर बाद मैं और हमारे अन्य साथी मौके पर आ गए।

थाने लेकर आई पुलिस

पुलिस कर्मचारियों ने हमारे साथ मारपीट की और थाने में ले आए। रात को थाने में कोई भी महिला कर्मचारियों मौजूद नहीं थी। 12 लोगों ने 3 किन्नरों के साथ बेरहमी से मारपीट की। थाने में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, आप लोग चेक कर सकते हैं।

केस दर्ज करने की धमकी दे रही पुलिस

शगुन ने कहा कि पुलिस ने 8 लोगों को पकड़कर बाकी सभी को थाने से बाहर निकाल दिया। अंदर उन लोगों को पानी तक नहीं दिया गया। हम उन लोगों को लिए बिना यहां से नहीं जाएंगे। ये लोग हमें अब केस दर्ज करने की धमकी दे रहे हैं।

पुलिस कर्मियों ने कई बार हमारे साथ बनाए संबंध

एक किन्नर ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मचारियों ने पहले हमारे साथ संबंध बनाए हैं। एक बार नहीं कई बार ये लोग हमारे साथ संबंध बना चुके हैं। मैं आप लोगों को ये भी बता सकती हूं कि ये लोग हमें कहां लेकर जाते हैं।

संबंध बनाने की बात गलत, पुलिस पर किन्नरों ने किया हमला, 8 पर केस दर्ज

विवाद पर पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि किन्नरों की तरफ से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। यह लोग एमजी रोड पर खड़े होते हैं, इन्हें वहां से हटाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की टीम पर इन्होंने हमला कर दिया। संबंध बनाने या इस तरीके की कोई डिमांड पुलिसकर्मी ने नहीं की। पुलिस ने केस दर्ज करके 8 लोगों को हिरासत में ले लिया है।

ये भी पढ़ें : रोहतक आईआईएम से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में एमबीए करेंगी ओलिंपियन मनु भाकर

ये भी पढ़ें : कुरुक्षेत्र में 3 गाड़ियों में आए बदमाशों ने की फायरिंग, एक युवक के पैर में लगी गोली