Entertainment News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सैफ अली खान पर साल 2025 में हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अभिनेता के घर में काम करने वाली नर्स ने अदालत में आरोपी मोहम्मद शरीफुल की पहचान उस व्यक्ति के रूप में की है, जो कथित तौर पर लूट के इरादे से अभिनेता के घर में घुसा था। नर्स के मुताबिक, हमलावर ने 1 करोड़ रुपये की मांग भी की थी।
मामले की पहली गवाह
इस मामले में 59 वर्षीय नर्स शिकायतकर्ता और पहली गवाह हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि वह पिछले 5 सालों से सैफ और करीना कपूर के परिवार के साथ काम कर रही हैं और उन्हें छोटे बेटे जेह की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जेह की तरफ बढ़ा था अटैकर
पुलिस को दिए पहले के बयान के अनुसार, नर्स रात के 2 बजे तेज आवाज से जागी थीं और उन्होंने देखा था कि बाथरूम की लाइट जल रही थी। नर्स ने थोड़ी देर बाद देखा कि टोपी पहने एक आदमी की परछाई जेह के बिस्तर की ओर बढ़ रही थी।
अलार्म बजाकर सबको जगाया
इसके बाद वह जेह को उठाने के लिए आगे बढ़ीं, जिसके बाद हमलावर ने उन पर हेक्सा ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में उनकी 2 उंगलियों पर चोट आई थी। इस बीच जेह की दाई ने अलार्म बजाकर सबको जगाया, जिसके बाद सैफ का हमलावर से सामना हुआ।


