‘न मैंने किसी को चुम्मा दिया, न लिया…’ उदित नारायण पर ये क्या बोल गए कुमार सानू कसा बड़ा तंज

0
67
Kumar Sanu-Udit Narayan Kiss Controversy: कुछ समय पहले उदित नारायण का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो एक फैन को किस करते हुए नजर आ रहे थे. अब उसी पर कुमार सानू ने उनकी चुटकी ली है. आइए जानते हैं कि क्या हुआ है.

Kumar Sanu-Udit Narayan Kiss Controversy: 90 के दशक के बॉलीवुड संगीत की बात हो और कुमार सानू व उदित नारायण का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है. दोनों ही उस दौर के सबसे फेमस सिंगरों में शामिल रहे हैं. कई हिट गानों के लिए दोनों के बीच मुकाबला भी देखने को मिला, लेकिन वक्त के साथ ये प्रतिस्पर्धा दोस्ती में बदल गई. अब एक हालिया बातचीत में कुमार सानू ने उदित नारायण के वायरल किसिंग वीडियो को लेकर मजेदार अंदाज में उन पर तंज कसा.

कुमार सानू ने उदित पर ली चुटकी

द लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में कुमार सानू से उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग को लेकर सवाल पूछा गया. खासकर महिला फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता का जिक्र हुआ. इसी दौरान कुमार ने उदित नारायण के उस वायरल वीडियो की ओर इशारा करते हुए मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखी, जिसमें उदित कुछ महिला फैंस के साथ किस करते नजर आए थे.

कुमार सानू ने कहा, “नहीं, मेरेको कोई चुम्मा-वुम्मा नहीं खाया. ना मैंने किसी को खाया. ना तो मैंने चुम्मा दिया, ना लिया. मैंने वो सब नहीं किया.” उनके इस जवाब को उदित नारायण पर हल्के-फुल्के तंज के तौर पर देखा जा रहा है.

कभी होती थी दोनों के बीच कड़ी टक्कर

इसी बातचीत में कुमार सानू ने उदित नारायण के साथ अपनी दोस्ती पर भी बात की. उन्होंने माना कि अपने करियर के शुरुआती दौर में दोनों के बीच गानों को लेकर मुकाबला रहता था. हालांकि, अब दोनों के रिश्ते काफी अच्छे हैं. कुमार के मुताबिक, अब उनके बीच उस तरह की प्रतिस्पर्धा नहीं है, क्योंकि इस उम्र और मुकाम पर उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है. यही वजह है कि पुरानी प्रतिस्पर्धा अब दोस्ती में बदल चुकी है.

क्या था उदित नारायण का किसिंग विवाद?

दरअसल, 2025 में उदित नारायण के एक लाइव कॉन्सर्ट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे. इन वीडियो में वो सेल्फी लेने के लिए उनके पास पहुंची महिला फैंस के साथ किस करते दिखाई दिए थे.

एक वीडियो में एक महिला फैन उदित को गाल पर किस करने के लिए आगे बढ़ती है. इसी दौरान उदित अपना चेहरा उसकी ओर घुमाते हैं और दोनों के होंठ आपस में छू जाते हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली और सहमति को लेकर भी सवाल उठाए गए.