राखी सावंत जाएंगी जेल? 16 साल पुराने मामले में गैर-जमानती वारंट, अभद्र टिप्पणी पर युवक ने दी थी जान

0
55
बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। झांसी न्यायालय ने उनके खिलाफ चल रहे एक पुराने मुकदमे में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामला करीब 16 साल पुराना है।

Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। झांसी न्यायालय ने उनके खिलाफ चल रहे एक पुराने मुकदमे में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामला करीब 16 साल पुराना है। यह 2010 में प्रसारित हुए टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ से जुड़ा है।

अभद्र टिप्पणी पर युवक ने दी जान

आरोप है कि शो के दौरान झांसी निवासी लक्ष्मण के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। कार्यक्रम के प्रसारण के बाद लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनकी मां सावित्री ने प्रेमनगर थाने में राखी सावंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अब इस मामले में न्यायालय के ताजा आदेश के बाद राखी सावंत की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

शो होस्ट करती थीं राखी सावंत

बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत मुंबई में ‘राखी का इंसाफ’ नाम से एक टीवी शो संचालित करती थीं। झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के निवासी लक्ष्मण भी अपनी पत्नी के साथ चल रहे विवाद के सिलसिले में इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। बताया जाता है कि लक्ष्मण और उनकी पत्नी के बीच विवाद था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

पीड़ित की मां ने किया केस

आरोप है कि 23 अक्टूबर 2010 को प्रसारित हुए इस कार्यक्रम के दौरान राखी सावंत ने लक्ष्मण के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और अभद्र भाषा बोली। कार्यक्रम से लौटने के बाद लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनकी मां सावित्री ने राखी सावंत के खिलाफ झांसी के प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

गैर-जमानती वारंट जारी

अब इस पुराने मामले में झांसी न्यायालय ने राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी मृदुल कांत श्रीवास्तव के अनुसार, न्यायालय की प्रक्रिया के तहत बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत को झांसी अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा, आत्मसमर्पण करना होगा और जमानत प्रार्थना पत्र देना होगा।