Drishyam 3 Trailer: अजय देवगन की मचअवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर लोगों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है. ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की शानदार सफलता के बाद अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में वापसी करने जा रहे हैं. मेकर्स ने फिल्म को ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ नाम दिया है, जिससे संकेत मिलता है कि यह फ्रेंचाइजी की आखिरी कड़ी होगी. फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
CBFC ने पास किया ‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर
फिल्म के ट्रेलर को लेकर अब अहम जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1 सितंबर को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने ‘दृश्यम 3’ के थिएट्रिकल ट्रेलर को मंजूरी दे दी है. ट्रेलर को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है. इसके साथ ही ट्रेलर की अवधि भी सामने आ गई है. बताया जा रहा है कि इसका रनटाइम 2 मिनट 52 सेकेंड होगा.
गोवा में हो सकता है ट्रेलर लॉन्च इवेंट
मेकर्स ट्रेलर लॉन्च के लिए गोवा में एक खास कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में हैं. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, यह इवेंट 8 या 9 सितंबर को आयोजित किया जा सकता है. इस दौरान अजय देवगन सहित फिल्म की स्टारकास्ट मौजूद रह सकती है.
खास बात यह है कि साल 2022 में ‘दृश्यम 2’ का ट्रेलर भी गोवा में ही लॉन्च किया गया था. फिल्म की कहानी और लोकेशन का गोवा से गहरा जुड़ाव होने के कारण इस बार भी मेकर्स ने इसी जगह को चुना है. हालांकि, आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की एंट्री
‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरण, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और रजत कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे. इनके अलावा प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की भी फिल्म में एंट्री हुई है.
वहीं, ‘दृश्यम 2’ में नजर आए अक्षय खन्ना तीसरे पार्ट का हिस्सा नहीं होंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फीस को लेकर मेकर्स और अक्षय खन्ना के बीच सहमति नहीं बन पाई.


