नई दिल्ली. NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर चल रहे प्रदर्शन को लेकर एक नया मामला सामने आया है. छात्रों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री आयशा खान को मंगलवार को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद आयशा ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर कर दावा किया कि वह शांतिपूर्वक सड़क पर खड़ी थीं. इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किए गए वीडियो में आयशा खान भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा, “मेरे हाथ कांप रहे हैं. मैं सिर्फ सड़क पर शांतिपूर्वक खड़ी थी. मैंने कोई नारेबाजी नहीं की, न ही प्रदर्शन शुरू किया था. मेरे भाई और कुछ दोस्तों को पुलिस हिरासत में ले चुकी थी, इसलिए मैं अपनी दो महिला दोस्तों के साथ सड़क पर खड़ी थी. इसके बावजूद हमें पुलिस वैन में बैठा दिया गया.”
View this post on Instagram
वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाने का आरोप
आयशा खान ने वर्ली पुलिस स्टेशन से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में बताया कि वह शाम करीब 4 बजे NEET अभ्यर्थियों और आत्महत्या करने वाले छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन स्थल पर पहुंची थीं. उनका आरोप है कि प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी. उनके मुताबिक न तो किसी ने नारे लगाए थे और न ही पोस्टर या तख्तियां दिखाई थीं. आयशा ने कहा कि करीब 15 पुलिसकर्मी ने उन्हें और उनकी दो महिला मित्रों को घेर लिया और पुलिस वैन में बैठा दिया. उन्होंने कहा, “मैं लगातार पूछती रही कि हमें किस वजह से हिरासत में लिया जा रहा है, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया।”
कौन हैं आयशा खान?
आयशा खान एक अभिनेत्री और मॉडल हैं, जिन्हें ‘बिग बॉस 17’ में वाइल्ड कार्ड प्रतियोगी के तौर पर राष्ट्रीय पहचान मिली थी. हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के पॉपुलर सांग ‘शरारत’ में नजर आने के बाद उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ. इसके अलावा वह कई टीवी शो, म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं. सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है, जहां वह सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी राय साझा करती रहती हैं.


