Entertainment News: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर आमिर खान के भांजे इमरान खान को 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है। इमरान ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शन में हिस्सा लेने को लेकर ही मुंबई पुलिस ने उन्हें यह नोटिस दिया है।
सीजेपी प्रदर्शन में लिया था हिस्सा
इमरान खान ने नोटिस रिसीव कर लिया है। उन्होंने 10 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर अगस्त क्रांति मदान में सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्हें हिरासत में भी लिया गया था। प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान ने कहा, ”मैं यहां एक नागरिक के तौर पर, इस शहर में रहने वाले एक इंसान के तौर पर आया हूं। मैं यह देखने आया हूं कि आखिर लोगों के आने-जाने की आजादी को प्रतिबंधित क्यों किया जा रहा है और उनकी आवाज क्यों दबाई जा रही है।”
प्रवासन कानून के तहत कार्रवाई
पुलिस ने 400 से ज्यादा लोगों पर इस विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लेने को लेकर FIR दर्ज की थी। मुंबई पुलिस ने बताया है कि गैर-भारतीय नागरिक होने के बावजूद प्रदर्शन में हिस्सा लेने पर प्रवासन कानून की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई और 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
भारतीय नागरिक नहीं हैं इमरान
इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं। वे अमेरिकी नागरिक हैं। उनका जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ था। उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट के साथ-साथ भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया कार्ड है।
सोमैया ने जताया था ऐतराज
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने प्रदर्शन में इमरान खान के शामिल होने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि इंडियन ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया कार्ड रखने वाला कोई व्यक्ति इस तरह प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकता। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की थी।


