CCS Meeting on West Asia Crisis : देश में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करें : पीएम

0
182
CCS Meeting on West Asia Crisis : देश में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करें : पीएम
CCS Meeting on West Asia Crisis : देश में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करें : पीएम

सीसीएस की अहम बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्री समूह को दिए निर्देश

CCS Meeting on West Asia Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के बाद पश्चिम एशिया में फैले तनाव व उससे पैदा हुई स्थिति पर पीएम मोदी लगातार नजर बनाए हुए हैं। यही कारण है कि पीएम मोदी ने 12 दिन के अंतराल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट कमेटी आॅन सिक्योरिटी (सीसीएस) की दो बार बैठक बुला चुके हैं।

पिछली बैठक जहां 22 मार्च को बुलाई थी वहीं बुधवार को 7 लोक कल्याण मार्ग पर कैबिनेट कमेटी आॅन सिक्योरिटी (सीसीएस) की एक विशेष बैठक की, जिसमें पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच विभिन्न मंत्रालयों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने बैठक में जरूरी चीजों की कीमतों को स्थिर रखने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की और जमाखोरी तथा कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

वैश्विक संकट का आम लोगों पर न पड़े असर

प्रधानमंत्री ने आम लोगों की जरूरतों की उपलब्धता की समीक्षा की और कहा कि इस वैश्विक संकट का असर नागरिकों पर न पड़े, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे, ताकि अफवाहों को रोका जा सके। अंत में, प्रधानमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे इस स्थिति से प्रभावित लोगों और क्षेत्रों की समस्याओं को कम करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएं। कैबिनेट सचिव ने बताया कि पेट्रोलियम उत्पादों, खासकर एलपीजी और एलएनजी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। एलपीजी और एलएनजी अब अलग-अलग देशों से मंगाए जा रहे हैं।

डीएपी और यूरिया की उपलब्धता पर हुई चर्चा

कृषि, नागरिक उड्डयन, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे अन्य क्षेत्रों में आने वाली चुनौतियों से निपटने के उपायों पर भी चर्चा हुई। खाद की उपलब्धता बनाए रखने के लिए यूरिया उत्पादन जारी रखा जा रहा है और डीएपी/एनपीके खाद के लिए विदेशों से समन्वय किया जा रहा है। राज्यों से कहा गया है कि वे खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती से नजर रखें।

कीमतों की निगरानी के लिए बनाए कंट्रोल रूम

पिछले एक महीने में खाने-पीने की चीजों की कीमतें स्थिर रही हैं। कीमतों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और राज्यों के साथ लगातार संपर्क रखा जा रहा है। सब्जियों, फलों और अन्य कृषि उत्पादों के दामों पर भी नजर रखी जा रही है। ऊर्जा, खाद और अन्य जरूरी चीजों की सप्लाई के लिए वैश्विक स्तर पर नए स्रोत तलाशे जा रहे हैं। इसके साथ ही, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं।

बैठक में शीर्ष मंत्री और अधिकारी शामिल

बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, मनोहर लाल खट्टर, प्रल्हाद जोशी, के राममोहन नायडू और हरदीप सिंह पुरी समेत कई मंत्री शामिल हुए। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और शक्तिकांत दास तथा कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन भी बैठक में मौजूद थे।