एक बदमाश में पैर में लगी गोली, एक नाबालिग, हांसी में फाइनेंसर पर भी चलाई थी गोली
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार में गत रात्रि पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 2 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी नाबालिग है व एक के पैर में गोली गली है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी की पहचान जींद के फ्रेण कला निवासी राजेश उर्फ राठी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्तौल, चार कारतूस और एक खाली खोल बरामद किया है।

बदमाशों ने सीआईए टीम पर की फायरिंग

सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक करण सिंह के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। दो व्यक्ति तलवंडी राणा में वारदात की योजना बना रहे थे। गैस प्लांट के पास मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को देखा गया। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजेश के पैर में गोली लगी। उसके साथ मौजूद नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ लिया।

राजेश को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी पुलिस

पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि 3 दिन पहले उन्होंने हांसी के सैनीपुरा गांव के फाइनेंसर जयदीप पर गोलियां चलाई थी। जयदीप का इलाज चल रहा है। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को हिसार सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इससे पहले शुक्रवार को हांसी पुलिस ने इस मामले के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से दो आरोपी जींद के फ्रेण कला के रहने वाले हैं। तीसरा आरोपी मामले का मुख्य साजिशकर्ता था। हांसी पुलिस अब राजेश को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें: हरियाणा में 3 दिन तक बारिश का अलर्ट