कहा, भाजपा के दबाव में वोट चोरी के आरोपियों को बचाया जा रहा

Congress Allegations on EC (आज समाज), नई दिल्ली : कांग्रेस फर्जी वोट मामले में सरकार पर लगातार आक्रामक बनी हुई है। एक तरफ जहां राहुल गांधी बिहार में लोगों से मिलकर भाजपा के खिलाफ उन्हें जागरूक कर रहे हैं तो दूसरी तरफ अन्य कांग्रेसी नेता भी भाजपा और चुनाव आयोग को फर्जी वोट मामले में कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि आयोग जरूरी जानकारी साझा नहीं कर रहा, जिससे कथित वोट चोरी के आरोपियों को बचाया जा रहा है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए खरगे ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले अलंद विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तब हजारों वोटरों की लिस्ट से गायब होने की बात उजागर की थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह आरोप लगाए

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि फरवरी 2023 में इस मामले पर केस दर्ज हुआ था और जांच में 5,994 फर्जी फॉर्म-7 सामने आए, जो बड़े पैमाने पर वोटर फ्रॉड का सबूत थे। इसके बाद कांग्रेस सरकार ने सीआईडी जांच के आदेश दिए थे। खड़गे ने कहा कि पहले ईसीआई ने कुछ दस्तावेजों को जांच के लिए साझा किया, लेकिन अब वह जरूरी और अहम जानकारी देने से मना कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर चुनाव आयोग किसे बचा रहा है?

चुनाव आयोग और भाजपा छीन रहे वोट का अधिकार : राहुल

राहुल गांधी ने बिहार में वोट अधिकार यात्रा की, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। इस यात्रा का मकसद मतदाता सूची में कथित धांधली को उजागर करना और जनता को अपने अधिकारों के लिए जागरूक करना था। कांग्रेस ने इसे जनता के वोट की सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा आंदोलन बताया है। इस दौरान कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों और बिहार में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अपने हमले तेज कर दिए हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के आरोपों को और पुख्ता करने के लिए एक न्यूजलेटर लॉन्च किया है।

ये भी पढ़ें : Bihar Breaking News : चुनाव आयोग के साथ मिलकर भाजपा कर रही गड़बड़ी : राहुल