Eeco Car Overturns into Drain After Losing Control : पौली के पास अनियंत्रित होकर ड्रेन में पलटी इको गाड़ी, महिला की मौत

0
550
Eeco Car Overturns into Drain After Losing Control Near Pauli; Woman Dies
पौली गांव के पास क्षतिग्रस्त गाड़ी।
  • पुलिस मामले की जांच में जुटी

Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। जुलाना क्षेत्र के पौली गांव के पास बुधवार देर शाम एक इको गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ड्रेन में पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शादीपुर गांव निवासी 32 वर्षीय सुमन जो टिटौली स्थित पंचरत्न कंपनी में कार्यरत थी रोजाना की तरह ड्यूटी खत्म कर रोहतक से जुलाना की ओर लौट रही थी। इसी दौरान पौली गांव के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और इको गाड़ी अचानक सड़क से नीचे उतर कर ड्रेन में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल सुमन को रोहतक पीजीआई पहुंचाया गया।

जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गाड़ी चालक राजपाल जो कि शादीपुर गांव का ही रहने वाला है, वाहन को लापरवाही और तेज गति से चला रहा था। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद आरोपी चालक घायल महिला को अस्पताल छोड़ कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपित चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।