पंजाब पुलिस का नशा व नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान 307वें दिन भी रहा जारी, पुलिस टीमों ने 318 जगह की छापेमारी, 93 नशा तस्करों को पकड़ा
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब से नशे को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए सीएम भगवंत सिंह मान के निर्देश और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के आदेश पर विशेष अभियान जारी है। यह विशेष अभियान एक मार्च 2025 से शुरू किया गया था जिसे युद्ध नशे विरुद्ध का नाम दिया गया था। इसी अभियान को जारी रखते हुए पंजाब पुलिस की टीमों ने लगातार 307वें दिन भी अपनी विशेष कार्रवाई जारी रखते हुए पंजाब भर में 318 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके बाद पूरे राज्य में 74 एफआईआर दर्ज करके 93 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इससे 307 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 42,888 हो गई है।
इतने नशीले पदार्थ किए जब्त
छापेमारी के नतीजे के रूप में गिरफ्तार नशा तस्करों के कब्जे से 1.5 किलो हेरोइन, 14 किलो भुक्की, 993 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4450 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। जिक्रयोग्य है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और एस.एस.पीज को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के हुक्म दिए हैं। पंजाब सरकार द्वारा नशों के विरुद्ध जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी भी बनाई गई है।
1000 से ज्यादा कर्मियों ने लिया हिस्सा
इस आॅपरेशन के दौरान 70 गजटिड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मचारियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 318 स्थानों पर छापेमारी की है। उन्होंने आगे बताया कि दिन भर चले इस आॅपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 333 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की है। बताने योग्य है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन-पक्षीय रणनीति – इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रीवेंशन (ईडीपी) – लागू की गई है और पंजाब पुलिस ने इस रणनीति के हिस्से के रूप में आज 28 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास का इलाज लेने के लिए राजी किया है।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : मोहाली हवाई अड्डे से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हों : मान


