पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने 1.1 किलो अफीम भी बरामद की

Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने प्रदेश से नशे को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रदेश पुलिस को विशेष निर्देश दिए हुए हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ एक मार्च 2025 से युद्ध नशों विरुद्ध अभियान चलाया था। जोकि अभी भी चल रहा है।

इसी अभियान के तहत प्रदेश पुलिस लगातार छोपेमारी कर रही है और बड़ी संख्या में नशा तस्करों को गिरफ्तार करके भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद कर रही है। इसी अभियान को जारी रखते हुए प्रदेश पुलिस ने अभियान के 232वें दिन प्रदेशभर में 306 स्थानों पर छापेमारी की। इसके परिणामस्वरूप 58 एफआईआर दर्ज कर 67 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह 232 दिनों में अब तक कुल 33,500 नशा तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इतने नशीले पदार्थ किए गए जब्त

इन छापों के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 561 ग्राम हेरोइन, 1.1 किलोग्राम अफीम, 1229 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 6360 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और एसएसपी को पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट उप समिति का गठन भी किया है।

अभियान में 100 टीमों ने लिया हिस्सा

इस आॅपरेशन के दौरान 57 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 100 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्यभर में 306 स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 332 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की।

यह उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशे के उन्मूलन के लिए तीन-स्तरीय रणनीति – प्रवर्तन, डि-एडिक्शन और प्रिवेंशन (ईडीपी) – लागू की है। इस रणनीति के हिस्से के रूप में पंजाब पुलिस ने आज 23 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए तैयार किया है।