पंजाब पुलिस का युद्ध नशे विरुद्ध अभियान जारी, 44 नशा तस्कर चढ़े हत्थे
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब से नशे और नशा तस्करों को पूरी तरह से खत्म करने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस का युद्ध नशे विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के चलते पंजाब पुलिस ने प्रदेश भर में छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 44 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 20.7 किलो हेरोइन, 210 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 2.28 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई। इससे मात्र 351 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,674 हो गई है। नशा छुड़ाओ मुहिम के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 19 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के इलाज के लिए राजी किया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत 571 जगह की छापेमारी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश के तहत शुरू की गई निर्णायक गैंगस्टरां ते वार मुहिम के 26वें दिन, पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े पहचाने गए और मैप किए गए ठिकानों पर 571 छापेमारियां कीं। जानकारी के अनुसार, गैंगस्टरां ते वार – पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई एक निर्णायक जंग – 20 जनवरी, 2026 को डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमों द्वारा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से राज्य भर में विशेष कार्रवाइयां की जा रही हैं।
193 संदिग्ध लोगों को किया गिरफ्तार
इस मुहिम के 26वें दिन, पुलिस टीमों ने 193 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 3 हथियार बरामद किए। इसके साथ ही मुहिम की शुरूआत से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 9437 हो गई है। इसके अलावा 66 व्यक्तियों के खिलाफ रोकथाम कार्रवाई की गई, जबकि 108 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई के दौरान 9 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया है। वांछित हुए अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में जानकारी और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना देने के लिए लोग गुप्त रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।


