माता के आशीर्वाद से पूरी होगी हर मनोकामना
Shardiya Navratri Daan, (आज समाज), नई दिल्ली: नवरात्र का पावन पर्व देवी मां की उपासना और आशीर्वाद प्राप्त करने का विशेष अवसर होता है। इस दौरान भक्तगण व्रत रखते हैं, भजन-कीर्तन करते हैं और माता के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं। इस साल नवरात्र की शुरुआत हो चुकी है। आज शारदीय नवरात्र का दूसरा दिन है। इन दिनों में दान करने का विशेष महत्व होता है। माना जाता है कि इस पवित्र समय में किया गया दान कई गुना फल प्रदान करता है और जीवन में सुख-समृद्धि लाता है। अगर आप इस नवरात्र में मां दुर्गा की कृपा पाना चाहते हैं, तो इन चीजों का दान अवश्य करें।

अन्न का दान

अन्न दान को सबसे श्रेष्ठ माना गया है। गरीबों, जरूरतमंदों और भूखे प्राणियों को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। इस नवरात्र पर आप गौशाला में जाकर गायों को हरा चारा और भोजन करा सकते हैं या अन्न दान कर सकते हैं। इससे आपको पुण्य की प्राप्ति होगी और माता रानी का विशेष आशीर्वाद मिलेगा।

वस्त्र दान करें

अगर आप किसी गरीब को वस्त्र दान करते हैं, तो मां दुर्गा बहुत प्रसन्न होती हैं। पुराने लेकिन साफ-सुथरे या नए वस्त्र जरूरतमंदों को दान करें। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों को लाल या पीले वस्त्र देने से शुभ फल मिलता है।

श्रृंगार सामग्री का दान

माता रानी को श्रृंगार बहुत प्रिय है। नवरात्र के दौरान सुहागिन महिलाओं को चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, काजल और महावर जैसी वस्तुएं दान करना बहुत शुभ माना जाता है। इससे वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

फल और मिठाई दान करें

नवरात्र के दिनों में फल और मिठाई का दान करना भी बहुत शुभ माना जाता है। आप भोग लगाकर इन्हें गरीबों और भूखे लोगों में बांट सकते हैं। इससे माता रानी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

कन्या पूजन और कन्या दान

नवरात्र के आठवें और नवें दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। कन्याओं को भोजन कराने और उन्हें दक्षिणा, वस्त्र एवं उपहार देने से मां दुर्गा अत्यंत प्रसन्न होती हैं।

लाल वस्त्र का दान

लाल रंग मां दुर्गा को बहुत प्रिय है। यदि आप इस नवरात्रि में किसी जरूरतमंद महिला को लाल चुनरी या लाल वस्त्र दान करते हैं, तो यह अत्यंत शुभ होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

गौसेवा करें और गौदान करें

गाय माता को हिंदू धर्म में विशेष स्थान दिया गया है। नवरात्रि के पावन अवसर पर गौशाला में गायों के लिए चारा, भोजन और औषधियों का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। अगर संभव हो तो आप गौदान भी कर सकते हैं, जिसे सर्वोत्तम दान कहा गया है।

दान करते समय ध्यान रखने योग्य बातें

  • दान हमेशा श्रद्धा और भक्ति के साथ करें।
  • किसी भी प्रकार का दान गुप्त रूप से करना श्रेष्ठ माना जाता है।
  • अपनी क्षमता के अनुसार ही दान करें और अहंकार से बचें।
  • किसी जरूरतमंद की सच्चे दिल से सहायता करें, इससे मां दुर्गा प्रसन्न होंगी।

नवरात्रि में दान करने के लाभ

  • दान करने से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है।
  • दान करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मकता बढ़ती है।
  • दान से समाज में समानता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
  • नवरात्र में किया गया दान कई गुना फल देकर जीवन में सुख-शांति लाता है।

ये भी पढ़ें : समृद्धि, जीवनशक्ति और उर्वरता का प्रतीक है जौ