Dhakoli police seized a truck : ढकोली पुलिस ने 300 पेटी अवैध शराब से भरा कैंटर पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

0
124
Dhakoli police seized a truck loaded with 300 cases of illegal liquor and arrested two accused.

Chandigarh News( आज समाज नेटवर्क) जीरकपुर। पुलिस थाना ढकोली की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 पेटी शराब से भरे एक कैंटर को काबू किया है। यह कार्रवाई बुधवार तड़के करीब 5 बजे शहीद भगत सिंह चौक, ढकोली पर की गई। पुलिस टीम उस समय निजी वाहन में गश्त कर रही थी।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टीम में एएसआई बलजीत सिंह, हवलदार अवतार सिंह, कांस्टेबल कमलदीप सिंह और पीएचजी कृष्ण कुमार शामिल थे। इसी दौरान पंचकूला की ओर से आ रहे आइशर कंपनी के कैंटर नंबर DL-IMA-2612 को शक के आधार पर रोका गया।

जांच में सामने आया कि बरामद शराब केवल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अंकित थी

जांच के दौरान कैंटर चालक ने अपना नाम बिट्टू सुनार निवासी सतगांव थाना, जिला कामरूप (मेट्रो), गुवाहाटी (असम) बताया, जबकि कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अशोक हलोई पुत्र पंकज हलोई, निवासी गांव बेलसोरे, जिला नलबाड़ी (असम) बताया।कैंटर की तलाशी लेने पर उसमें गत्ते के डिब्बों में भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। पूछताछ के दौरान चालक और कंडक्टर शराब से संबंधित कोई भी लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके। जांच में सामने आया कि बरामद शराब केवल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अंकित थी।

इसमें डिस्काउंट प्रीमियम व्हिस्की और ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। कुल 300 पेटी शराब बरामद होने की पुष्टि की गई है।पुलिस ने शराब को नियमानुसार अलग-अलग नीले प्लास्टिक ड्रमों में डालकर सील किया और कैंटर को कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि यह खेप किसके कहने पर और किस नेटवर्क के तहत सप्लाई की जा रही थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध शराब कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

यह भी पढ़े:-Blood donation camp : आरटीए कार्यालय द्वारा किया गया रक्तदान शिविर, हेल्थ चेकअप व नेत्र जांच का आयोजन