केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता
Jammu-Kashmir Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : साल 2026 में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहली उच्च स्तरीय बैठक आज नई दिल्ली में होने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। ज्ञात रहे कि पाकिस्तान से सीमा होने और भूगौलिक परिस्थितियां कठिन होने के कारण यहां से अक्सर आतंकवादी घुसपैठ की तैयारी में रहते हैं।
जम्मू संभाग के पहाड़ों और दूरदराज के इलाकों में सुरक्षाबलों की ओर से आतंकियों का पता लगाने के लिए लगातार सर्च आॅपरेशन चलाए जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में सुरक्षाबलों ने किश्तवाड़, डोडा और उधमपुर जैसे जिलों के ऊपरी इलाकों में कई मुठभेड़ों में आतंकियों को मार गिराया है। इन जिलों के जंगली इलाकों में आतंकी देख गए हैं। इस अवधि के दौरान सीमा पार से घुसपैठ के प्रयासों को भी नाकाम किया गया है। ऐसे में यह बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण है।
इसलिए जरूरी है आज की बैठक
इसमें नियंत्रण रेखा (एलओसी) व अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर घुसपैठ रोकने, आतंकियों और उनके समर्थकों के खिलाफ अभियानों का आंकलन होगा। बैठक में उपराज्पयाल मनोज सिन्हा, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, अर्द्धसैनिक बल, खुफिया एजेंसियां और पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में छिपे आतंकियों को खत्म करने और सीमाओं से जीरो घुसपैठ सुनिश्चित करने की रणनीति पर केंद्र शासित प्रदेश के सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों के साथ चर्चा की जाएगी।
पाकिस्तान दहशतगर्द संगठनों को एकत्रित करने में जुटा
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई फलस्तीनी संगठन हमास को लश्कर-ए-ताइबा और जैश-ए-मोहम्मद के साथ लाने में जुट गई है। खुफिया सूत्रों के अनुसार हाल ही में हमास के कई प्रतिनिधियों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में लश्कर और जैश के कार्यक्रमों में शिरकत की है। आईएसआई की पूरी कवायद कश्मीर मसले का अंतरराष्ट्रीयकरण करना है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुजरांवाला में हमास का वरिष्ठ कमांडर नाजी जहीर लश्कर-ए-ताइबा आतंकी राशिद अली संधू के साथ एक मंच पर नजर आया। यह कार्यक्रम लश्कर के राजनीतिक मुखौटे पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने आयोजित किया था।
ये भी पढ़ें : Dr. S. Jaishankar’s visit to France : वैश्विक राजनीति में यूरोप की भूमिका अहम : जयशंकर


