कहा, वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद, कृषि विकास में लाएगा क्रांतिकारी परिवर्तन

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों तक किसानों की समस्याओं की अनदेखी की गई। पहले मुझे भी यह नहीं पता था कि दिल्ली में एक कृषि मंत्रालय है, लेकिन अब समय बदल गया है। हमारी सरकार ने दिल्ली के देहात को उसकी सही पहचान देने का संकल्प लिया है। दिल्ली में किसान भी हैं, खेती भी होती है और अब एक सशक्त कृषि मंत्रालय भी सक्रिय रूप में काम कर रहा है। यह कहना है दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति, कृषि एवं विकास और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा का जो दिल्ली के उत्तर जिला स्थित दरियापुर गांव में विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे।

केंद्र सरकार करवा रही कार्यक्रम का आयोजन

यह आयोजन केंद्र सरकार की एक महत्त्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर कृषि में नवीन तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा देना है। मिश्रा ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत दिल्ली के 50 स्थानों पर विशेष संवाद कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद होगा। वैज्ञानिक न केवल किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देंगे, बल्कि उनके अनुभवों और नवाचारों का भी दस्तावेजीकरण किया जाएगा।

इससे न केवल किसानों को लाभ होगा, बल्कि भविष्य की कृषि नीतियों में भी उनका योगदान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर मिश्रा ने खाद की कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के लिए अब कानून के अंतर्गत सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा, ष्आज से ही खाद की कालाबाजारी बंद कर दें, अन्यथा सरकार उचित कानूनी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। किसानों के अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम पूरे देश में चलाया जाएगा

मिश्रा ने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य 1.5 करोड़ किसानों तक सीधा संवाद स्थापित करना है। इसमें 700 से अधिक जिलों में 2000 से अधिक वैज्ञानिक दल भाग लेंगे। इस संवाद के माध्यम से वैज्ञानिक किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराएंगे और उनके सुझावों का संकलन कर आगे की नीतियों में शामिल किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : Pakistani Spy in Delhi : दिल्ली में पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार