Delhi Hotel Fire Updates: इलेक्ट्रिक चूल्हे में धमाका होने के बाद भड़की आग : शेफ

0
67
Delhi Hotel Fire Updates
Delhi Hotel Fire Updates: इलेक्ट्रिक चूल्हे में धमाका के बाद भड़की आग : होटल शेफ
  • आग में 21 लोगों की मौत, 28 घायल 
  • होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार

Delhi Hotel Fire Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके के हौज रानी स्थित रेस्टोरेंट-कम होटल फ्लोरिश स्टे बीएंडबी (Hotel Flourish Stay B&B) में बुधवार को लगी भीषण आग का कारण सामने आया है। होटल के शेफ केसर नेगी ने बताया है कि रेस्तरां में एक इलेक्ट्रिक चूल्हा था और जैसे ही सुबह उसे चालू किया गया, उसमें ब्लास्ट हुआ और चंद मिनटों में आग भड़क उठी। पुलिस अथवा दमकल विभाग ने हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं किया है। शेफ ने कहा, मैंने अपने असिस्टेंट को आग लगने की घटना की बात बताई। इस बीच आग फैलती गई।

मृतकों में अधिकतर विदेशी नागरिक

गौरतलब है कि इस अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई है और 28 घायल हो गए हैं। मृतकों में अधिकतर विदेशी नागरिक हैं।  आग की घटना के बाद सामने आ रही जानकारियों के मुताबिक होटल में 6 कमरे बनाने की इजाजत थी लेकिन होटल मालिक ने 25 कमरे बना दिए थे। इसके अलावा बिना किसी फायर एनओसी के होटल संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज (Hotel Owner Lavkesh Bajaj) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बीएनएस व अन्य संबंधित धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि मृतकों में 12 विदेशी हैं।

हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश

आग में कम से कम 28 लोग घायल हुए, जिनमें से आठ वेंटिलेटर पर हैं और अन्य सामान्य वार्ड में हैं। राहत और बचाव के दौरान पुलिसकर्मियों सहित 13 बचावकर्मी भी घायल हुए हैं। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे बेसमेंट स्थित रेस्तरां में आग लगी और बहुत तेजी से यह ऊपर की मंजिलों पर बने कमरों तक पहुंच गई। कुछ ही समय में पूरी इमारत आग की लपटों से घिर गई और लोग अंदर फंसे रह गए। दिल्ली सरकार ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं।

तीसरी और चौथी मंजिल से कूद गए लोग 

यह भी बताया गया है कि होटल के भूतल पर सीढ़ी के समीप रखे सामान में सबसे पहले आग लगी और तेजी से यह पूरी इमारत में फैल गई। लोग आग का रौद्र रूप देखकर दहशत में आ गए और उनमें कुछ को जो रास्ता दिखा वहीं से वे तीसरी और चौथी मंजिल से नीचे कूद गए। इलाके के लोगों ने नीचे गद्दे बिछा दिए थे ताकि लोग गद्दों पर छलांग लगा सकें। इससे कई लोगों को चोटें तो आई मगर उनकी जान बच गई।

तकरीबन 50 लोग पास के अस्पतालों में पहुंचाए गए

स्थानीय लोगों व बचाव टीमों ने होटल में फंसे तकरीबन 50 लोगों को पास के मैक्स, सफदरजंग व एम्स अस्पतालों में पहुंचाया गया। बताया गया है कि बिल्डिंग में प्रवेश करने व निकलने का केवल एक ही रास्ता था और उसका दरवाजा सेंसर से खुलता व बंद होता था। आग लगने से सेंसर ने काम करना बंद कर दिया और इसी डर के चलते लोग नीचे कूद गए।

यह भी पढ़ें : Delhi Fire Tragedy: मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में भीषण आग, 21 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने हादसे पर शोक जताया