सीएम रेखा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ योगी को पत्र लिखकर जताई चिंता
Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली की वर्तमान सरकार यमुना को न केवल प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रयास कर रही है। बल्कि वह यमुना में होने वाले अवैध खनन को भी रोकने की पूरी कोशिश कर रही है। इसी को लेकर जब सीएम रेखा गुप्ता को एक रिपोर्ट मिली जिमसें यूपी सीमा के नजदीक यमुना में बड़े स्तर पर हो रहे अवैध खनन का जिक्र था तो उन्होंने बिना समय गवाए यूपी सीएम योगी को पत्र लिखकर इसपर रोक लगाने की मांग की।
दिल्ली सीएम ने यह मांग की
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। उन्होंने अनुरोध किया है कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे यमुना क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर रोक लगाई जाए। अवैध खनन के चलते यमुना के तटबंध कमजोर हो रहे हैं, जिससे बाढ़ का खतरा भी पैदा होता है। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की चिंताओं से भी सीएम योगी को अवगत कराया है।
सीएम रेखा गुप्ता का यह भी कहना है कि अवैध खनन गंभीर पारिस्थितिक क्षति का कारण भी बन रहा है, जो भविष्य में यमुना के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है। इसके साथ-साथ यमुना के किनारे रहने वाली आबादी भी इस बदलाव से प्रभावित होगी। उनका कहना है कि यह अंतरराज्यीय प्रकृति का मुद्दा है, इसलिए इस अवैध रेत खनन पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सरकारों के बीच एक समन्वित और संयुक्त प्रर्वतन तंत्र की आवश्यकता है।
एनजीटी भी जता चुका है चिंता
मुख्यमंत्री ने यूपी सीएम को जानकारी दी कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल भी लगातार यमुना में अवैध रेत खनन पर चिंता व्यक्त करता रहा है। एनजीटी की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि ये अवैध खनन कई प्रकार के दुष्प्रभाव ला रहा है, इसलिए इस पर रोक लगाना जरूरी है।