आज से शुरू होना था दो दिवसीय विशेष सत्र, सरकार नहीं कर पाई पूरी तैयारी

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र आज शुरू होना था। यह सत्र दो दिन के लिए बुलाया गया था लेकिन सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले सरकार ने इस विशेष सत्र को रद करने की घोषणा कर दी। सरकार की इस घोषणा के बाद दिल्ली कांग्रेस ने सरकार पर जमकर तंज कसा और इसे भाजपा सरकार की विफलता का उदाहरण बताया।

सरकार नहीं कर पाई कारण का खुलासा

सत्र क्यों टाला गया है इसके बारे में कोई स्पष्ट नहीं है। विधानसभा सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से (ऐसे कारण जो टाले न जा सकें) यह निर्णय लिया गया है। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 8 मार्च को शुरू हुआ था और 29 मार्च को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। सत्र का दूसरा भाग 13 और 14 मई को होना था। विधानसभा सचिवालय ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सत्र के स्थगन के बारे में सूचित कर दिया है।

भाजपा सरकार अपनी विफलता छुपा रही : यादव

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि 13-14 मई को प्रस्तावित दिल्ली विधानसभा के सत्र को भाजपा सरकार द्वारा स्थगित करना दिल्ली के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और जवाबदेही से भागना है। बिना कोई ठोस कारण बताएं सरकार का दूसरा सत्र जिसमें मंत्रियों के कार्यों का लेखा जोखा और आगामी दिल्ली विकास पर चर्चा होनी चाहिए थी, भाजपा इसमें पूरी तरह लापरवाह दिख रही है।

उन्होंने कहा कि राजधानी में भीष्ण गर्मी से पानी और बिजली की भारी दिक्कत से जूझ रहे दिल्लीवासियों को राहत देने और मानसून में नालों की सफाई पर चल रहे कामों को आंकलन, सड़कों को दूरस्त करने जैसे विषयों पर विधानसभा सत्र में विस्तार पूर्वक चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन अपनी कमजोरियों को छुपाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली मंत्रीमंडल की सहमति से बिना कारण बताए दो दिवसीय सत्र स्थगित कर दिया।

ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : अमृतसर में जहरीली शराब का कहर, 14 मरे, 15 गंभीर