72 घंटे चलेगा आॅपरेशन प्रहार, 2000 से अधिक पुलिस टीमें 60 विदेशी गैंगस्टरों के साथियों से जुड़े ठिकानों पर कर रही हैं छापेमारी
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए गैंगस्टरां ते वार अभियान के तहत गैंगस्टरों के खिलाफ एक निर्णायक जंग शुरू कर दी है। इस जंग की घोषणा करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने कहा कि राज्य में गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो चुकी है, जिसमें 12,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती वाली 2000 पुलिस टीमें 60 विदेशी गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि यह छापेमारी 72 घंटे तक चलने वाले आॅपरेशन प्रहार के तहत की जा रही है।
अपराधियों और अपराध को खत्म करना उद्देश्य
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर एक सुव्यवस्थित और रणनीतिक जंग की घोषणा की गई है, जिसका उद्देश्य गैंगस्टरवाद के पूरे इकोसिस्टम, जिसमें उनकी वित्त व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स, छिपने के ठिकाने, हथियारों की सप्लाई चेन और संचार नेटवर्क शामिल हैं, को पूरी तरह ध्वस्त करना है। उन्होंने विदेशों में बैठे गैंगस्टरों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे खुद को विदेशों में सुरक्षित न समझें, क्योंकि जल्द ही उन्हें कानून का सामना करने के लिए पंजाब लाया जाएगा।
विदेशों में बैठकर कर रहे अपराध
डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस ने ऐसे 60 गैंगस्टरों की पहचान की है, जो विदेशों में बैठकर अपने साथियों के माध्यम से पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ह्लइन विदेशी गैंगस्टरों की प्रत्यर्पण प्रक्रिया को तेज करने के लिए डीआईजी काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी की अगुवाई में एक ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) स्थापित किया गया है और जल्द ही ऐसे विदेशी गैंगस्टरों को कानून का सामना करने के लिए पंजाब लाया जाएगा।


