बदमाश पर दिल्ली के एक डॉक्टर की हत्या और गुरुग्राम में भाजपा नेता के घर पर 22 लाख की चोरी का था आरोप
Encounter Of A Criminal, (आज समाज), नई दिल्ली: मंगलवार अलसुबह पुलिस ने एक लाख रुपए के इनामी बदमाश को मार गिराया। बदमाश पर दिल्ली के एक डॉक्टर की हत्या के बाद डकैती और गुरुग्राम में भाजपा महरौली की जिला अध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर पर 22 लाख की चोरी का आरोप था। बदमाश की पहचान नेपाल मूल के कुख्यात बदमाश भीम जोरा के रूप में हुई। दिल्ली पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर एक लाख का इनाम रखा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भीम सिंह जोरा साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस टीम को देखते ही शुरू की फायरिंग

प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुग्राम सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला था कि भीम सिंह जोरा साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। क्राइम ब्रांच प्रभारी नरेंद्र अपनी टीम के साथ दिल्ली पुलिस की टीम को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां पर भीम जोरा अपने एक अन्य साथी के साथ सीमेंट के बेंच पर बैठा था। पुलिस पार्टी को देखकर भीम जोरा ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बची इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा की जान

भीम जोरा की ओर से फायर की गई एक गोली इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा के बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा कर लगी। बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा बाल बाल बच गए। उन्होंने आरोपियों को सरेंडर करने की चेतावनी देते हुए एक हवाई फायर किया, लेकिन भीम जोरा अंधाधुंध फायर करता रहा।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली

पुलिस पार्टी की जवाबी फायरिंग में आरोपी भीम जोरा को गोली लग गई और वो घायल हो गया। उसे तुरंत घायल अवस्था में एआईआईएमएस ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने भीम जोरा को मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ मे भीम जोरा का साथी मौके से फरार हो गया।

मूलरूप से नेपाल का रहने वाला था बदमाश, भाजपा नेता के घर से की थी 22 लाख की चोरी

इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि मृत आरोपी का नाम भीम महाबहादुर जोरा पुत्र महाबहादुर जोरा मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। वह भारत में डकैती व हत्या के साथ साथ चोरी की बहुत सी वारदातों को अंजाम दे चुका था। दो अक्टूबर को आरोपी ने गुरुग्राम के सेक्टर 49 की पॉश सोसाइटी ओर्किड पेटल के विला नंबर 3 में महरौली भाजपा जिला उपाध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर में अपने एक साथी युभराज के साथ मिल कर 22 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

मई 2024 दिल्ली में डॉक्टर की हत्या की

मई 2024 में आरोपी भीम जोरा ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर नई दिल्ली के जंगपुरा इलाके में डॉक्टर योगेश चंद्र पॉल के घर डकैती डाली थी। डॉक्टर योगेश चंद्र पॉल उस समय रसोई में थे तो आरोपियों ने रसोई में जाकर पहले उसकी हत्या की। उसके बाद डकैती करके फरार हो गए। इसी हत्या के मामले में एक साल पहले दिल्ली पुलिस ने भीम जोरा पर एक लाख रुपये व वन रैंक प्रमोशन का इनाम घोषित किया था।