नई दिल्ली. रविवार, 18 अक्टूबर को मुंबई एक बार में दहल गया. बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर पब्लिक के बीच फायरिंग से सनसनी मच गई. इस फायरिंग के बाद अनिल पंडित का नाम चर्चा में है. हरियाणा के पानीपत का रहने वाला अनिल पंडित को अमेरिका में रहने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है.
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग ने एक बार फिर बॉलीवुड को अंडरवर्ल्ड से खतरे का सवाल खड़ा कर दिया है. इस तरह से खुले आम सबके सामने गोलीबारी ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इस घटना के बाद एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है जिसमें टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली जा रही है. पुलिस इस दावे और हमले में उसकी वास्तविक भूमिका की जांच कर रही है.

कौन है अनिल पंडित?
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो अनिल पंडित करीब 32 साल का है. बताया जा रहा है कि वो हरियाणा के पानीपत जिले का मूल निवासी है. सूत्रों के हवाले से जो खबर सामने आई है उसके मुताबिक अनिल पंडित फिलहाल अमेरिका में रहकर कथित तौर पर बिश्नोई गैंग के नेटवर्क के लिए काम कर रहा है.
हरियाणा से कनाडा और फिर अमेरिका तक का सफर
अनिल पंडित को लेकर बताया जाता है, उसने साल 2023 में भारत से कनाडा का रुक किया था. वहीं पर वह गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में आया. आपको बता दें कि रणदीप मलिक वही शख्स है जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है. अनिल पंडित के कनाडा से अमेरिका के कैलिफोर्निया पहुंचने और कथित तौर पर गैंग से जुड़ने की जानकारी सामने आई है. ऐसा भी कहा जाता है कि उसने अमेरिका पहुंचने के लिए अवैध तरीके का इस्तेमाल किया था जिसे ‘डंकी रूट’ के नाम से भी जाना जाता है. उसके सफर से जुड़ी इन जानकारियों को संबंधित सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया गया है.
क्या लॉरेंस बिश्नोई सीधे देता है निर्देश?
बताया जाता है कि अनिल पंडित काफी जल्दी लॉरेंस बिश्नोई का चेहता बन गया. रिपोर्ट्स के हवाले से कहा गया है कि वह लॉरेंस के लिए काम करता है लेकिन सीधे निर्देश नहीं मिलते. उसके कथित हैंडलर के रूप में हरि चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया है. साल 2022 से अमेरिका में सक्रिय होने की बात कही गई है. हैरी बॉक्सर पर राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में रंगदारी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में आरोप लगने की खबरें सामने आई थी.
गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग में भी आया नाम
इसी साल जून दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था. इसमें अनिल पंडित का नाम भी सामने आया था. घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर उससे जुड़े शूटर्स को गिरफ्तार किया. जांचकर्ताओं ने उनके बीच संपर्क और निर्देशों के आदान-प्रदान की भी पड़ताल की.
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सलमान खान को धमकी
रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई. इसमें उनके ड्राइवर और एक शख्स के घायल होने की खबर है. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अनिल पंडित का नाम सामने आया. कथित ऑडियो क्लिप में अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया.


