नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में खूनी खेल देखने को मिला. अमरिया थाना क्षेत्र में रामलीला मेला कमेटी की बैठक के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है. इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई. नवरात्री के दौरान हुई इस घटना ने पूरे गांव का माहौल मातम में बदल दिया है.
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिला के अमरिया से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. पूजा पाठ के दिनों में बहस से बढ़कर मामला मौत तक पहुंच गया. रामलीला मेला कमेटी की बैठक बुलाई गई थी. यहां पर लोग मिल बैठकर योजना बनाने पहुंचे लेकिन माहौल देखते ही देखते गरमा गया. दो पक्षों के बीच बढ़े विवाद में कुनाल श्रीवास्तव और अंकित गुप्ता की मौत हो गई. एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया.
फिलहाल जो शुरुआती जानकारी इस घटना को लेकर सामने आई है उसके मुताबिक आपसी मतभेत की बात बताई गई. रामलीला मेला कमेटी की बैठक के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि विवाद के पीछे वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जताई जा रही है. यह घटना की वजह से हुई और मामला गोलीबारी तक कैसे पहुंच गया. इसकी असल वजह की जांच की जा रही है. जब तक जांच पूरी नहीं होती आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता.
बैठक के दौरान बढ़ा विवाद, चलीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक अमरिया क्षेत्र में रामलीला मेला कमेटी की बैठक चल रही थी. इसी दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते मामला गोलीबारी तक पहुंच गया. गोली लगने से कुनाल श्रीवास्तव और अंकित गुप्ता की मौत हो गई. एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.


