Haryana News: जींद से एक बड़ी खबर सामने आई है। शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के दोषी को अदालत ने मंगलवार को 20 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने दोषी पर 1.15 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
जींद के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट की न्यायाधीश सिफा की अदालत ने मंडी निवासी नीरज को यह सजा सुनाई। अभियोग के अनुसार, थाना अलेवा में दर्ज शिकायत में पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया था कि नीरज उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। उसने उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। दो दिन बाद आरोपी उसे घर छोड़ गया।
अलेवा थाने में दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर थाना अलेवा में मामला दर्ज किया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने जांच पूरी कर आरोपी के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया।
पॉक्सो एक्ट के तहत 20 साल जेल
अदालत ने दोषी को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। बीएनएस की धारा 137(2) के तहत तीन साल की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 96 के तहत सात साल की कैद और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया। इनके अलावा, धारा 127(2) के तहत छह महीने के कठोर कारावास की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।


