Ratlam Guest Teacher Assault Viral Video: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ताल थाना क्षेत्र के पिपल्या तुखार गांव में ग्रामीणों ने एक गेस्ट टीचक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। शिक्षक पर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग के परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कराया है, जबकि शिक्षक ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
रतलाम में अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव की ग्रामीणों द्वारा पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक को पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर थप्पड़ और रस्सी से पीटते हुए ग्रामीण नजर आ रहे हैं। शिक्षक रोते हुए छोड़ने की गुहार लगा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने एक नाबालिग छात्रा को बहाने से बुलाकर झोपड़ी में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है। इसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पुलिस ने दर्ज किए 2 केस
नाबालिग छात्रा के परिजनों की शिकायत पर ताल थाना पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी शिक्षक योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
दूसरी ओर आरोपी शिक्षक योगेंद्र जाटव ने पुलिस को दिए अपने बयान में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा रास्ते में रोककर मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है।


