Punjab News: पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद, युवक का हाथ काटकर साथ ले गए, अस्पताल में तोड़ दम

0
42
पंजाब में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी कड़ी में शनिवार सुबह एक युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में घुसे हमलावरों ने 40 वर्षीय शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर तलवार से हमला कर दिया।

Punjab News: पंजाब में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी कड़ी में शनिवार सुबह एक युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। लुधियाना के रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में घुसे हमलावरों ने 40 वर्षीय शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कटा हाथ दुकानदार को दिया

हमलावरों की हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे युवक का कटा हुआ हाथ अपने साथ ले गए थे। इसके बाद आरोपी सतगुरु नगर की गली नंबर-9 स्थित एक करियाना दुकान पर पहुंचे। उन्होंने कटे हुए हाथ को लिफाफे में डालकर दुकानदार को थमा दिया और उससे कहा कि इसे युवक के घर पहुंचा देना। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

तफ्तीश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हाथ दुकानदार के पास छोड़कर क्यों गए और इस दौरान उनकी क्या मंशा थी। दुकानदार से मिली जानकारी भी जांच का हिस्सा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास और दुकान की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि शक्ति सिंह के खिलाफ पहले से करीब 12 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है।

मकान मालिक से भी मारपीट

एसएचओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में मारपीट होने की सूचना मिली थी। इसके बाद, पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने मकान मालिक के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद शक्ति सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की बात सामने आई।

आपसी रंजिश का मामला

थाना प्रमुख के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस को उन लोगों के नाम भी मिले हैं जिनके साथ शक्ति सिंह का उठना-बैठना था। जांच की जा रही है कि इनमें से किसी की इस वारदात में कोई भूमिका तो नहीं है।