कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर सोमवार देर रात हुआ हादसा
Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर सोमवार देर रात हुए शादी समारोह से लौट रहे एक दपंति को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दंपति को अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले को सुलझाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लेगी।
देवली गांव के रहने वाले थे दोनों
मृतक दंपति की पहचान देवली गांव, संगम विहार निवासी धर्मेंद्र सिंह (37) और इनकी पत्नी रेनू देवी (32) के रूप में हुई है। उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार धर्मेंद्र के परिवार में पत्नी रेनू देवी, बुजुर्ग मां, दो बेटे और एक बेटी है। जांच में पता चला कि धर्मेंद्र सोमवार को करावल नगर में अपने मौसा के बेटे की शादी में गए थे। जहां से दोनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे कश्मीरी गेट यमुना पुल पर ऊपर पहुंचे उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन के पहियों के नीचे आकर बुरी तरह से कुचल गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहगीरों ने रात करीब 11.30 बजे पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद आरोपी वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया
मृतक धर्मेंद्र के चचेरे भाई जयपाल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद परिवार बिखर गया है। धर्मेंद्र-रेनू की शादी करीब 17 साल पहले हुई थी। इनके दो बेटे आदित्य (15), कार्तिक (4) और एक बेटी अदिति (12) है। हादसे के बाद तीनों अनाथ हो गए हैं। धर्मेंद्र की बुजुर्ग मां ज्ञानवती का रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार की जिम्मेदारी धर्मेंद्र के ही कंधों पर थी। वह ओखला स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर था।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update : दिल्ली में दो दिन बाद बरसेगी राहत की फुहार