केंद्र ने दी डिज्नीलैंड पार्क निर्माण को मंजूरी, सीएम ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का जताया आभार
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के गुरुग्राम में देश पहला डिज्नीलैंड पार्क बनेगा। पार्क के निर्माण को लेकर केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। हरियाणा सरकार द्वारा पचगांव चौक के पास मानेसर, जिला गुरुग्राम में भूमि चिह्नित की जा चुकी है। यह स्थल कुण्डली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे और हरियाणा आॅर्बिटल रेल कॉरिडोर पर स्थित है। डिज्नीलैंड पार्क निर्माण को लेकर केंद्र से मंजूरी मिलने पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शेखावत से मुलाकात की।
उन्होंने प्रस्तावित परियोजना को मंजूरी देने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। सीएम सैनी ने कहा कि डिज्नीलैंड जैसे प्रोजेक्ट से हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक भी भारत में आयेंगे और देश एवं प्रदेश के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि इस साल से अब साल में तीन बार सूरजकुंड मेला मनाया जाएगा।
बच्चे और वयस्क दोनों ने सकेंगे आनंद
डिज्नीलैंड पार्क एक प्रकार का थीम पार्क है। जहां पर्यटक सपनों की दुनिया में घूमने का आनंद लेते हैं। यहां विभिन्न कार्टून चरित्रों, आकर्षक इमारतों की स्वप्निल दुनिया में होने का एहसास होता है। डिज्नी पार्क में बच्चे और वयस्क समान रूप से आनंद ले सकते हैं।
डिज्नीलैंड प्रोजेक्ट के लिए गुरुग्राम सबसे आदर्श स्थान
गुरुग्राम में कई फॉर्च्यून कंपनियों के मुख्यालय हैं और यह राज्य की अर्थव्यवस्था में अधिकतम योगदान देता है। गुरुग्राम की आगामी ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट की स्थापना इस क्षेत्र में एक और उपलब्धि होगी। इसलिए प्रस्तावित डिज्नीलैंड प्रोजेक्ट के लिए गुरुग्राम सबसे आदर्श स्थान होगा।
दुनिया भर में केवल 12 डिज्नी पार्क
वर्तमान में पूरी दुनिया में केवल 6 डिज्नीलैंड पार्क हैं। दुनिया का पहला डिज्नीलैंड पार्क अनाहेम, कैलिफोर्निया, संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थापित किया गया था। फ्लोरिडा, पेरिस, टोक्यो, शंघाई, हॉन्गकॉन्ग में भी डिज्नीलैंड पार्क हैं। 6 डिज्नीलैंड पार्क के अलावा 6 डिज्नी पार्क भी हैं।