• जनवरी से अब तक देश में 87 लोगों की मौत

Corona Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: भारत में कोविड-19 के मामलों में गिरावट के एक दिन बाद आज फिर केस बढ़ गए। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आज 11:30 बजे तक के अपडेट के मुताबिक देशभर में 269 नए कोरोना केस सामने आने के बाद कोविड के कुल केसों की संख्या 7,400 तक पहुंच गई है। इस साल जनवरी से अब तक कोरोना के कारण देश में 87 लोगों की जान जा चुकी है।

बीते कल दर्ज की गई थी गिरावट

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार को देश में कोविड के मामलों की संख्या 7,154 थी। इसके बाद शुक्रवार को 23 मामले कम आए जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बीते कल तक 7,131 रह गई थी। आज फिर देशभर में 269 नए मामले दर्ज किए गए जिसके बाद कोविड के मामलों की संख्या 7400 पहुंच गई।

केरल में 54, गुजरात में 79 नए केस

केरल कोरोना मामलों में सबसे ऊपर बना हुआ है। राज्य में आज फिर 54 केस सामने आई जिससे कुल संख्या 2,109 हो गई। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में 42 कोविड केस सामने आए जिसके बाद यहां कोरोना के मामलों की संख्या 672 हो गई। गुजरात में बीते 24 घंटों में 79 मामले दर्ज किए गए जिसके बाद राज्य में कुछ केसों की संख्या 1437 हो गई।

ये हैं कोविड-19 के मौजूदा लक्षण

हाल के मामलों से पता चलता है कि कोविड-19 के लक्षण विकसित हो रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, सामान्य सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण वापस आ गए हैं, लेकिन कुछ लक्षण अनोखे हैं और उन्हें नज़रअंदाज़ नहीं किया जाना चाहिए:

  • सिरदर्द या साइनस का दबाव
  • लगातार सूखी या गीली खांसी
  • अचानक थकान या शरीर में दर्द
  • हल्का बुखार या बिल्कुल भी बुखार न होना
  • जी मिचलाना, उल्टी या ढीले मल जैसी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं
  • गले में दर्द जो असामान्य रूप से लंबे समय तक रहता है
  • नाक बंद होना या नाक बहना (बढ़ती हुई आम समस्या)
  • सांस फूलना
  • स्वाद या गंध में बदलाव

यह भी पढ़ें: Covid-19: कोरोना में पहली बार गिरावट, कल की तुलना में 23 केस कम, 1 मौत