यूएन ने 2025 के लिए भारत की जीडीपी ग्रोथ अनुमान 6.3 प्रतिशत किया
India GDP Growth Rate (आज समाज), बिजनेस डेस्क : मौजूदा वैश्विक परिवेश और भारत की स्थानीय मांग को ध्यान में रखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने भारत को विश्व की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताया है। हालांकि इस दौरान भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 6.3 फीदसी बताया गया है। जनवरी 2025 में यह अनुमान 6.6% था।
यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट ‘2025 के मध्य तक विश्व आर्थिक स्थिति और संभावनाएं’ में दी गई है, जिसे 16 मई को जारी किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को मुख्य रूप से मजबूत घरेलू खपत और सरकारी निवेश का समर्थन मिला है। इसके अलावा, सेवा क्षेत्र का निर्यात भी आर्थिक विकास को मजबूती देता रहा है। इस रिपोर्ट में कहा गया कि भारत की आर्थिक वृद्धि को निजी उपभोग, सार्वजनिक निवेश और मजबूत सेवा निर्यात का समर्थन प्राप्त है।
विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं पर यह डालेगा असर
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि वैश्विक अर्थव्यवस्था इस समय जोखिमपूर्ण स्थिति में है। अमेरिका की तरफ से शुल्क बढ़ाए जाने से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ा है। इससे उत्पादन लागत बढ़ी है और निवेश में अनिश्चितता आई है। भारत के माल निर्यात पर भी इसका असर हो सकता है, हालांकि दवा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा और तांबा जैसे सेक्टर इस प्रभाव से फिलहाल बचे हुए हैं।
भारत में मुद्रास्फीति घटेगी, रोजगार स्थिर
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में महंगाई 2024 में 4.9% रहने के बाद 2025 में घटकर 4.3% हो सकती है, जो भारतीय रिजर्व बैंक के लक्षित दायरे में है। इसके साथ ही, रोजगार के स्तर में कोई बड़ी गिरावट नहीं देखी गई है, लेकिन महिला श्रम भागीदारी में असमानता बनी हुई है, जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
690.617 अरब डॉलर हुआ भारत का विदेशी मुद्रा भंडार
वैश्विक उठापटक और टैरिफ के साये के बीच भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार मजबूत हो रहा है। इस बात का खुलासा आरबीआई द्वारा जारी की गई अपनी हालिया रिपोर्ट में किया गया है। आरबीआई द्वारा दी गई जानकारी के अुनसार 9 मई को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत का फॉरेक्स रिजर्व 4.553 अरब डॉलर बढ़कर 690.617 अरब डॉलर हो गया है। ऐसा इसलिए संभव हो सका क्योंकि विदेशी मुद्रा भंडार के अहम घटक स्वर्ण भंडार में वृद्धि हुई है। आरबीआई ने शुकवार को इससे जुड़े आंकड़े जारी किए। पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में, कुल भंडार 2.065 अरब डॉलर घटकर 686.064 अरब डॉलर रह गया था। सितंबर 2024 के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.885 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : 1400 रुपए बढ़े सोने के दाम, चांदी भी मजबूत
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : 690.617 अरब डॉलर हुआ भारत का विदेशी मुद्रा भंडार