ससुर के निधन के कारण बृजेंद्र सिंह ने लिया यात्रा स्थगित करने का फैसला
Brijendra Singh Sadbhav Yatra, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा के कांग्रेस नेता द्वारा शुरू की गई सद्भाव यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के सुसर का निधन हो गया। ससुर के निधन के कारण बृजेंद्र सिंह ने यात्रा को स्थगित करने का फैसला किया है। बृजेन्द्र सिंह की सद्भाव यात्रा का 6 अक्टूबर को कलायत विधानसभा के कुराड़ गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम था। 7 अक्टूबर को कुराड़ से शुरू होकर कलायत शहर होते हुए चौशाला गांव में रात्रि ठहराव होना था।
कलायत शहर में कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह के द्वारा प्रेस कांफ्रेंस भी रखी गई। लेकिन अचानक उनके ससुर का निधन होने से आज के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। फिलहाल केवल आज के कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं।
डीजीपी रैंक के अधिकारी रहे सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल
पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल डीजीपी रैंक के अधिकारी रहे हैं। वे मूलरूप से पंजाब के रहने वाले थे। वर्तमान में वे नोएडा में रहते थे। नोएडा आवास पर ही उन्होंने अंतिम सांस ली। कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह ने अपने ससुर के निधन की सूचना सद्भाव यात्रा फेसबुक पेज और अपने निजी फेसबुक अकाउंट से सांझा की है। उन्होंने लिखा है कि आगे के कार्यक्रम की सूचना सभी को शीघ्र ही कर दी जाएगी।
गांव दनौदा से शुरू हुई थी यात्रा
गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सद्भाव यात्रा 5 अक्टूबर को नरवाना के गांव दनौदा से शुरू हुई थी। यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, चूरू राजस्थान से सांसद राहुल कस्वां, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा यादव, उचाना की पूर्व विधायक प्रेमलता सिंह, जसमीत कौर, लाजवंती ढिल्लों और कांग्रेस महिला नेता गायत्री यादव आदि नेता शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ें : 1 लाख का इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस ने की कार्रवाई