कहा, यह समय राजनीति करने का नहीं बल्कि बिना समय गवाए लोगों की मदद में जुट जाने का है

Ludhiana Breaking News (आज समाज), लुधियाना : पंजाब बाढ़ की मार से बेहाल है। समूचा पंजाब जहां एक तरफ बाढ़ से जूझ रहा है वहीं बांधों से और ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे आने वाले समय में स्थिति ज्यादा खराब हो सकती है। इसी बीच आपदा की इस घड़ी में पंजाब के राजनीतिक दल एकजुट होना शुरू हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बुधवार को लुधियाना पहुंचे। वड़िंग ने सर्किट हाउस में कांग्रेसियों के साथ बैठक की और प्रेस कान्फ्रेंस का भी आयोजन किया।

इस अवसर पर वड़िंग ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं बल्कि बिना समय गवाए लोगों की मदद में जुट जाने का है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह आदेश दिए की वे बिना समय गवाएं बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा करें। उन्होंने आज 5 सदस्यों की लुधियाना में कमेटी भी बनाई है, जो बाढ़ प्रभावित इलाकों में कांग्रेसियों के अलग-अलग जत्थों को सेवा करने भेजेगी।

पंजाब के साथ खड़े होने का है ये समय

सांसद राजा वड़िंग ने कहा कि आज ये समय पंजाब के साथ खड़े होने का है। अभी बाढ़ के मुद्दे पर कोई नुक्ताचीनी करना सही नहीं होगा। पंजाब के हालात सामान्य हो जाएं इसके बाद ये मंथन करेंगे कि बाढ़ आने का असल कारण क्या है। अभी पूरी कांग्रेस सरकार के साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहां कही भी सरकार को हमारी जरूरत पड़ेगी वहां हम उनके साथ खड़े हैं। आज का समय राजनीति करने का नहीं बल्कि अपने लोगों को बचाने का है। वड़िंग ने कहा कि आज राहुल गांधी ने भी केन्द्र सरकार से आग्रह किया है कि पंजाब के लिए सरकार को कोई पैकेज घोषित करना चाहिए।

आज पंजाब आएंगे शिवराज चौहान राहुल गांधी

हालात का जायजा लेने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल गुरुवार (4 सितंबर) को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। राज्य के 1655 गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। अमृतसर के 390, गुरदासपुर के 324, बरनाला के 37, बठिंडा के 13, फिरोजपुर के 111, होशियारपुर के 121, कपूरथला के 178, लुधियाना के 216 और मानसा के 114 गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इसके अलावा पटियाला में 29, रूपनगर में 3 और तरनतारन में 70 गांव पानी में घिरे हुए हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में बाढ़ से 1.75 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद