
कहा- सेक्युलर का अर्थ धर्मनिरपेक्षता या किसी एक वर्ग का तुष्टिकरण करना नहीं है, इसका सही मतलब सर्व धर्म समभाव
Nitin Gadkari, (आज समाज), नई दिल्ली: आज देश में जो भी हिंदू-मुस्लिम से जुड़ी समस्याएं है, उन सब के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। कांग्रेस ने सेक्युलरिज्म की गलत व्याख्या की। सेक्युलर का अर्थ धर्मनिरपेक्षता या किसी एक वर्ग का तुष्टिकरण करना नहीं है, इसका सही मतलब सर्व धर्म समभाव। यह कहना है केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का। गडकरी मंगलवार को दिल्ली में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष प्रो. वासुदेव देवनानी की किताब ‘सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि’ के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद थे।
भारत हमेशा सेक्युलर रहेगा
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बयान को दोहराते हुए कहा कि भारत पहले भी सेक्युलर था, आज भी है और हमेशा रहेगा। यह बीजेपी-आरएसएस की वजह से नहीं, बल्कि भारतीय, हिंदू और सनातन संस्कृति की वजह से है, जो विश्व का कल्याण सिखाती है। भारतीय संस्कृति सहिष्णु, करुणामय और सभी को साथ लेकर चलने वाली है और इतिहास में किसी हिंदू राजा द्वारा धार्मिक स्थलों को नष्ट करने का उदाहरण नहीं मिलता।
नेशन फर्स्ट की सोच केवल नारों तक सीमित नहीं हो
गडकरी ने कहा नेशन फर्स्ट की सोच केवल नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके लिए देश के इतिहास को ईमानदारी से समझना, व्यवस्था की कमियों को पहचानना और भविष्य की क्षमताएं विकसित करना जरूरी है। गडकरी ने कहा कि आधुनिकीकरण अंधी नकल पर नहीं, बल्कि सभ्यतागत आत्मविश्वास पर आधारित होना चाहिए। इस मौके पर भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल वीजी खंडारे भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें: 20 वर्ष बाद बीएमसी चुनाव साथ लड़ेंगे उद्धव-राज

