सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा प्रदेश का तापमान
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: पहाड़ों से मैदानों की ओर चल रही सर्द हवाओं ने हरियाणा में ठंड बढ़ा दी है। प्रदेश का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। कई जिलों में तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है। वहीं न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड में ओर इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात को नारनौल में सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।

इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि 4 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, जिससे मौसम बदलेगा। इसके बाद 8 दिसंबर को फिर से ठंड बढ़ सकती है। 11 जिलों में शीत लहर चल सकती है इसमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, नारनौल, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जिले शामिल हैं। वहीं प्रदेश में रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।

7 दिसंबर तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 7 दिसंबर तक परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान 4 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 7 दिसंबर के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है।

वातावरण में नमी बढ़ने धुंध भी रहने की संभावना

वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ एक स्थानों पर अलसुबह हल्की धुंध भी रहने की संभावना है। परंतु 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है।