दिन में धूप खिलने से मिल रही राहत, रातें हो रहीं ठंडी
Today Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : इस साल की सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के बाद वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानों में सर्दी को बढ़ा रही हैं। यहां पर दिन और रात के तापमान में भारी अंतर दर्ज किया जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे ठिठुरन और भी ज्यादा बढ़ जाएगी।
वहीं फिलहाल मैदानी राज्यों में मौसम साफ रहेगा। बारिश या फिर घने कोहरे की संभावना अभी कुछ दिन नहीं है। पंजाब, हरियाणा, यूपी, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान तेजी से लुढ़क रहा है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में पारा माइनस 8 डिग्री चला गया है, जिससे वहां झरने और झीलें जम गई हैं।
दिल्ली, राजस्थान में टूटा रिकॉर्ड
दिल्ली में बीती सुबह 3 साल की सबसे ठंडी सुबह रही। सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले नवंबर में सबसे कम तापमान 29 नवंबर 2022 को 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं राजस्थान में साल 2021 के बाद पहली बार नवंबर में टेम्परेचर 5 डिग्री से नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान फतेहपुर में सबसे कम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य के 15 शहरों में तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। माउंट आबू में 15 साल में पहली बार नवंबर में ही पारा शून्य पर पहुंच गया है। इससे ओस की बूंदें जम गई। पिछले साल माउंट आबू में पिछले साल ओस की बूंदें 10 दिसंबर 2024 को बर्फ बनी थीं।
हरियाणा में 4.7 डिग्री गिरा रात का पारा
हरियाणा में आज रात से कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है। आज रात से बादल छाने का अनुमान है इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी लेकिन दिन के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। हरियाणा में दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है लेकिन रात के तापमान में 4.7 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल रही है। खासकर राजस्थान से सटे हरियाणा के इलाकों में लगातार न्यूनतम तापमान घट रहा है।
पंजाब में न्यूनतम पारा 5 डिग्री तक पहुंचा
पंजाब में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। इस साल सर्दियों की शुरूआत के बाद ये अभी तक का सबसे न्यूनतम तापमान है, आने वाले दो सप्ताह में ये तापमान और गिरेगा। हालांकि बीते 24 घंटों में राज्य के औसत तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, यह सामान्य के करीब है। आने वाले 72 घंटों में अच्छी धूप खिलेगी और मौसम साफ रहेगा। इसके चलते राज्य के तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा।
ये भी पढ़ें : Today Breaking News : क्या शेख हसीना को लेकर भारत और बांग्लादेश के रिश्ते बिगड़ेंगे