कल से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव
Geeta Sadbhavna Yatra, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र से गीता सद्भावना यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के उपलक्ष्य में निकाली जा रही है। यात्रा ब्रह्मसरोवर के उत्तरी एंट्री गेट से शुरू होगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गीता के शांति और अहिंसा के संदेश का प्रचार करेगी। यात्रा में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

यात्रा के समापन पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता होगी। इसके अलावा 2 ओर कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी शिरकत करेंगे। गौरतलब है कि 15 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। 21 दिन चलने वाले महोत्सव का 5 दिसंबर को समापन होगा। इसमें 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे।

25 को आएंगे पीएम मोदी

महोत्सव में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रह्मसरोवर पर पूजा और आचमन करेंगे। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मोदी पहुंचेंगे।

इस कार्यक्रम के बाद मोदी गीता स्थली और ब्रह्मसरोवर पर महोत्सव में भी शिरकत करेंगे। पीएम के आगमन को लेकर सीएम नायब सैनी कला परिषद के सभागार में धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, भाजपा कार्यकर्ता और अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेंगे। वह यहां पर तैयारी की फीडबैक लेंगे।

21 हजार बच्चे करेंगे गीता पाठ

अबकी बार 21 हजार बच्चे एक साथ वैश्विक गीता पाठ में भाग लेंगे। महोत्सव की तर्ज पर गीता पाठ की संख्या को भी बढ़ाया गया है। पहले 18 हजार बच्चे यह पाठ करते थे, लेकिन इस बार 21 हजार बच्चे एक साथ गीता के श्लोक का उच्चारण करेंगे।

मध्य प्रदेश स्टेट पार्टनर

इस बार 21 दिन तक सरस और क्राफ्ट मेला चलेगा। महोत्सव में मध्य प्रदेश को स्टेट पार्टनर बनाया गया है। हर बार की तरह हरियाणा के साथ एमपी पवेलियन बनाया जाएगा। इसके अलावा हर रोज शाम को पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा। इसका शुभारंभ राज्यपाल करेंगे।