भगवान भोलेनाथ सभी मनोकानाएं करेंगे पूर्ण
Bhagwan Shiv Mantra Jaap, (आज समाज), नई दिल्ली: आज सोमवार को दिन है। हिंदू धर्म में सोमवार को देवों के देव महादेव की पूजा करने का विधान है। सोमवार को दिन भगवान भोलेनाभ को समर्पित माना गया है। इस दिन विधि-विधान से भोलेनाथ की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। इस दिन शिवजी के मंत्र ओम नम: शिवाय का जाप करने से जातक को महादेव की विशेष कृपा मिल सकती है। लेकिन इसके लिए मंत्र का जाप करने से पहले कुछ नियमों का ख्याल जरूर रखना चाहिए।
मंत्र जाप का समय
भगवान शिव के मंत्रों का जाप वैसे तो किसी भी समय किया जा सकता है। लेकिन दिन में एक ऐसा वक्त होता है जब शिवजी का मंत्र जाप करने से उत्तम फल की प्राप्ति हो सकती है। शास्त्रों के अनुसार, ब्रह्म मुहूर्त में ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करना चाहिए। सुबह 4 बजे से लेकर 5 बजकर 30 मिनट तक के बीच यानी ब्रह्म मुहूर्त में मंत्र जाप करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। वहीं, मनोकामना पूर्ति के लिए अपनी इच्छा को मन में रखकर 108 बार ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करना चाहिए।
शाम के समय मंदिर में शांत स्थान पर बैठकर करें जाप
इसके लिए आप शिवजी के मंदिर में जाकर एक शांत स्थान पर बैठकर 108 बार ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप कर सकते हैं। इससे पहले अपने मन को एकदम शांत करना चाहिए और किसी भी प्रकार का विचार नहीं रखना चाहिए। शांत मन से श्रद्धापूर्वक शिवजी के मंत्र का जाप करने से मानसिक शांति महसूस होती है और भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त हो सकती है। जिससे साधक को जीवन की कई समस्याओं से मुक्ति मिल सकती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
सही दिशा का करें चयन
भगवान शिव के मंत्र का जाप करने के लिए सही दिशा में बैठना भी बेहद जरूरी होता है। इसके लिए सूर्योदय के समय एक शांत स्थान पर आसन बिछाकर उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठना चाहिए। वहीं, शाम के समय शिवलिंग के सामने एक घी का दीपक जलाकर उत्तर दिशा की ओर बैठकर ओम नम: शिवाय का जाप करना चाहिए। ऐसा करने से जातक के जीवन में खुशहाली बनी रहती है और कष्टों से मुक्ति मिल सकती है। साथ ही, जीवन में सफलता के रास्ते खुल सकते हैं।
मंत्र जाप विधि
इसके लिए सोमवार के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नानादि करें और हल्के रंग जैसे-सफेद, हल्का नीला आदि रंग के वस्त्र धारण करें। इसके बाद, शिवलिंग पर दूध या जल अर्पित करें और एक घी का दीपक जरूर जलाएं। इसके बाद, उत्तर दिशा में आसन लगाकर अपने मन को शांत करके मंत्र का जाप करना शुरू करें। इसके लिए 108 दाने वाले रुद्राक्ष की माला प्रयोग करना सबसे उत्तम माना जाता है। ओम नम: शिवाय मंत्र का 108 बार जाप करना चाहिए और ऐसा कम से कम 11 सोमवार तक जरूर करें। इससे आपकी मनोकामनाएं पूर्ण हो सकती हैं।