एक जून से अब तक चल रहा बारिश का दौर, मॉनसून के 15 सितंबर तक सक्रिय रहने की उम्मीद

Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। इस साल जहां देश में मॉनसून इस मॉनसून समय से पहले प्रवेश कर गए वहीं देश में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। ऐसा ही उत्तर भारत विशेषकर पंजाब और सिटी ब्यूटीफुल के साथ भी हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार इस साल सिटी ब्यूटीफुल में सामान्य से 32.3 प्रतिशत बारिश ज्यादा हुई है। इसके साथ ही बारिश ने इस सीजन का एक हजार एमएम का आंकड़ा भी पार कर लिया है। मानसून 15 सितंबर तक सक्रिय रहने की संभावना है।

पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते 24 घंटों में 9.3 एमएम वर्षा दर्ज की गई। शनिवार को भी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है।

पंजाब में अभी तक 1,74,454 हेक्टेयर फसल बर्बाद

पंजाब में बाढ़ से हुआ नुकसान लगातार ज्यादा होता जा रहा है। सरकारी आंकड़ों की बात करें तो अब तक प्रदेश में पानी में डूबकर बर्बाद हुई फसलों का रकबा बढ़कर 1,74,454 हेक्टेयर पहुंच गया है। फाजिल्का, कपूरथला, मानसा, फिरोजपुर, गुरदासपुर और तरनतारन में फसलों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही हजारों पशु पालकों के पशु या तो बाढ़ के पानी के साथ बह गए हैं या फिर डूबने से उनकी मौत हो चुकी है। वहीं हजारों घर बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। बाढ़ ने ग्रामीण एरिया में रह रही आबादी पर ज्यादा कहर बरपाया है।

बाढ़ में मरने वालों की संख्या हुई 46

इकसे साथ ही प्रदेश में मरने वालों की संख्या 46 पहुंच गई है सरकारी आंकड़ों की बात करें तो पाठनकोट से लापता हुए तीन लोगों का भी कोई सुराग अभी तक नहीं लग पाया है। अभी तक अमृतसर में सात, बरनाला में पांच, बठिंडा में चार, होशियारपुर में सात, गुरदासपुर में दो, लुधियाना में चार, पठानकोट में छह, मानसा में तीन, रूपनगर व मोहाली में 2-2 व फाजिल्का, फिरोजपुर, पटियाला व संगरूर में एक-एख शख्स की जान जा चुकी है।

पीएम मोदी 9 सितंबर को लेंगे पंजाब बाढ़ का जायजा

सदी की सबसे विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के हालात का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर मंगलवार को पंजाब के दौरे पर आएंगे। ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान पंजाब के दौरे पर आए थे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के सबसे पहले गुरदासपुर आने की संभावना है जहां रावी नदी से छोड़े गए पानी ने कहर बरपाया हुआ है। इसके अलावा वह अमृतसर व तरनतारन जिलों के इलाकों का भी हवाई सर्वेक्षण कर सकते हैं। प्रधानमंत्री 9 सितंबर को दोपहर बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। राज्य के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने इसकी पुष्टि कर दी है।