Chandigarh news: हिन्दू सम्मेलन में भारत माता की जय से गूंजा सेक्टर 21 का शिव मंदिर

0
148
Chandigarh news
Chandigarh news:(आज समाज): श्री शिव मंदिर प्रबंधन कमेटी और हिंदू सम्मेलन सभा द्वारा संयुक्त रूप से भव्य हिन्दू सम्मलेन का आयोजन किया गया। सम्मलेन में सैकड़ो की संख्या में मौजूद हिन्दू धर्मावलम्बियों ने भगवा लहराते हुए भारत माता एवं जय श्री राम का जयघोष किया। हिन्दू सम्मेलन सेक्टर 21 के संयोजक नीरज पाराशर ने जानकारी दी कि सम्मलेन का मुख्य उद्देश्य अलग अलग मत सम्प्रदायों में बंटे समाज को एकता के सूत्र में पिरो कर लोगो को राष्ट्र प्रेम के लिए प्रेरित करना रहा।
उन्होंने कहा, आमजन में ये भ्रांति है कि हिंदुत्व एक धर्म है जबकि ये जीवन जीने की एक प्रक्रिया है, जिसमें न केवल मनुष्यों के प्रति प्रेम भावना है बल्कि प्रकृति और पशु पक्षियों के प्रति भी प्रेम और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने की संस्कृति है। नीरज पराशर ने कहा, पूरे विश्व में सनातन धर्म ही है जो नदियों को माँ का दर्जा देता है और वनस्पतियों की भी पूजा करता है।
मंदिर प्रबंधन के महासचिव टेक चंद शर्मा ने बताया कि हिन्दू सम्मेलन के पावन अवसर पर सेक्टर 21 की ‘डिजिटल डायरेक्टरी’ का भी शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया सेक्टर 21 के निवासी गूगल प्ले स्टोर से डिजिटल डायरेक्टरी को अपने एंड्राइड फ़ोन में इनस्टॉल कर सकते है, जल्द ही डायरेक्टरी का आईफोन वर्जन भी लांच कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया, डायरेक्टरी निर्माण में सेक्टर 21 के प्रतिष्ठित समाजसेवी सुरेश अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।
सम्मेलन सभा के सदस्य गोपाल चंद गुप्ता और विजय पसरीचा ने सम्मलेन में भारी संख्या में स्थानीय हिन्दू समाज के समागम हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह अपने आप में पहला ऐसा आयोजन था जिसमें धर्म के साथ साथ सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र निर्माण के मुद्दों पर खुल के चर्चा की गई। इस मौके पर मुख्यरूप से उपस्थित महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी जी ने अपने प्रवचन में कहा कि धर्म और राष्ट्र दोनों एक दूसरे के पूरक है। सम्मेलन में समाजसेवी विपिन लीडो, पंचकुला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शर्मा, ब्राह्मण सभा के पूर्व प्रधान धर्मवीर शर्मा, उद्योगपति दीपक गर्ग सहित तमाम विशिष्ट जन उपस्थित रहे।