Chandigarh News:(panchkula):आज समाज:पंचकूला के वार्ड नंबर 3 के सेक्टर 7 स्थित माता दुर्गा मंदिर के पास आज एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड पार्षद श्रीमती रितु गोयल एवं पूर्व पार्षद  सी. बी. गोयल ने पौधा लगाकर की। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र को हराभरा बनाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर पूरे वार्ड में 100 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के छायादार व फलदार पौधे शामिल थे। सभी पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्री गार्ड लगाने की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में सेक्टर 7 के निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। हर एक व्यक्ति ने माता दुर्गा के नाम से एक पौधा लगाया और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयं उठाने का संकल्प लिया।
नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं पार्क डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए। उन्होंने भी पौधारोपण कर स्थानीय जनता को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भागीदारी ने उत्सव का रूप ले लिया।
पूर्व पार्षद  सी. बी. गोयल ने अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि समाज को एकजुट करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पार्षद श्रीमती रितु गोयल ने भी क्षेत्रवासियों से पौधों की देखभाल का आग्रह किया।