Chandigarh News: मलेशिया के कुआलालंपुर में 23 से 25 मई तक आयोजित हुई 37वीं अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक एशिया चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चंडीगढ़ की मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन की ओर से कुल 7 खिलाड़ियों ने भाग लिया और 13 पदक जीतकर देश और चंडीगढ़ का नाम गर्व से ऊँचा किया।
प्रतियोगिता में भारतीय दल का नेतृत्व कर रहीं श्रीमती सतवंत कौर को बतौर मैनेजर नियुक्त किया गया था। मैनेजर की भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत पदक जीता। सूरज कालिया और भूपेंद्र सिंह ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश के लिए सम्मान बढ़ाया।
सविता कुमारी ने अपने दमदार प्रदर्शन से एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, विपिन कुमार ने भी एक रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त किए। इस तरह कुल मिलाकर भारत को इस प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक प्राप्त हुए।
इस अवसर पर मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन चंडीगढ़ के प्रधान डॉ. राहुल बरकोड़िया ने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महासचिव सत प्रकाश वर्मा और कोषाध्यक्ष संदीप कुमार ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और उनके समर्पण की सराहना की।
इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने भारत ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ को भी वैश्विक खेल मानचित्र पर गौरव दिलाया है। यह उपलब्धि आने वाले युवा एथलीट्स के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।